: तालाब में डूबने से चार बालिकाओं की दर्दनाक मौत
Tue, Sep 10, 2024
एक ही गांव में चार मौतो से मचा हड़कंप
तालाब में लगे कमलगट्टा को तोड़ने गई थी चारो बालिकाएं
घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सतीजोर का
बहराइच। तालाब में लगे कमलगट्टा फल को तोड़ने गई चार बालिकाओं की डूब कर दर्दनाक मौत हो गयी। एक ही गांव की चार बालिकाओं के डूबने के चलते गांव में कोहराम मच गया। जिसने भी सुना वह मौके पर दौड़ पड़ा। घटना थाना नवाबगंज अंतर्गत सती जोर गांव की है। सभी के शव तालाब से बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। गौरतलब हो कि गांव के निकट तालाब में कमलगट्टा फल लगा हुआ है। जिसे तोड़ने के लिए मंगलवार सुबह गांव निवासिनी महक खातून पुत्री कलीम खां 14 वर्ष, सामिया 10 वर्ष पुत्री इशरत, सायबा खातून 12 वर्ष पुत्री मेराज और सरिकुल खातून 15 वर्ष पुत्री मकबूल खां गई थी। जहां महक तालाब में डूबने लगी। उसके बचाने के प्रयास में एक-एक कर तीन बालिकाओं की डूबकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बालिका को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी भी अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। एक ही गांव में चार मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। एसडीएम अश्विनी कुमार पांडेय व थानाध्यक्ष नवाबगंज शीला यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले में जांच पड़ताल की।
: किसान अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना प्रजातियों का करें चयन
Mon, Sep 9, 2024
पारले कंपनी क्षेत्र में हुआ गन्ना बुवाई का शुभारम्भ
फीता काटकर व नाली में गन्ने के टुकड़े डालकर किया गन्ना बुवाई का उद्घाटन
फखरपुर, बहराइच। पारले कंपनी द्वारा सोमवार को क्षेत्र के बिलासपुर गांव से गन्ना बुवाई का शुभारंभ किया गया। बुवाई बिलासपुर गांव के किसान रामराज के खेत से शुरू हुई। बुवाई का उद्घाटन पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी द्वारा किसान के खेत पर जाकर फीता काटकर और नाली में गन्ने के टुकड़े डालकर किया गया। साथ ही किसान को फूल माला भी पहनाई गई। अन्य काफी किसान बुवाई के समय मौजूद रहे। श्री राठी ने कहा कि इस समय जो भी खाली खेत है उन्हें तत्काल तैयार करे और बुवाई कर दे। इस गन्ने का जमाव 10 दिन के अंदर हो जायेगा और जमाव भी काफी अच्छा होगा। खेत की तैयारी के समय ट्राइकोडर्मा का प्रयोग जैविक खाद में मिलाकर करे। स्वस्थ प्लाट से ही गन्ने का बीज बुवाई के लिए ले। 2 आँख का टुकड़ा 4 फीट की दुरी पर ट्रेंच विधि से बोये। अच्छे जमाव के लिए बीज शोधन हेक्साटॉप एवं इमिडा कीटनाशक से करे। बुवाई से पहले नालियों में खाद एवं उर्वरक की सही मात्रा प्रयोग करें। उसके बाद बुवाई करे। 2 इंच से अधिक मिटटी गन्ने के टुकड़ो पर ना डाले। इस समय बुवाई करने से बीज की भरपूर मात्रा पर्याप्त है। लेबर आसानी से उपलब्ध हो जाते है, पैदावार भी अच्छी मिलती है। अतः अधिक से अधिक क्षेत्रफल में किसान इस समय गन्ना लगाए। गन्ने के साथ सहफसल सरसो, आलू, लाही, सब्जियाँ बोनस के रूप में ले सकते है। अधिक उत्पादन देने वाली प्रजातियां 15023, 14201, 0118 लगाए। बुवाई के लिए अभी से बीज सुरक्षित कर ले और जैसे-जैसे खेत खाली हो बुवाई करते जाए। बुवाई के समय किसान रामराज, नीरज, हकीमुद्दीन, मोइनुद्दीन, संतोष, सूरज आदि मौजूद रहे। साथ ही कंपनी के अन्य अधिकारीगण अखंड प्रताप, नीरज भी उपस्थित रहे।
: राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का किया गया स्थलीय निरीक्षण
Mon, Sep 9, 2024
बहराइच। नगर मजिस्टेªट/सक्षम प्राधिकारी भूमि अध्याप्ति शालिनी प्रभाकर द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 927 के निर्माण के लिए अधिग्रहीत की जाने वाली तहसील-कैसरगंज के पांच ग्रामों तप्पेसिपाह, आदमपुर, झुकिया, रिढौठा व मुस्तफावाद की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। स्थलीय निरीक्षण के समय तहसीलदार कैंसरगंज, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, भूमि अध्याप्ति अमीन व एन.एच.ए. आई के स्थानिक अभियन्ता, अपनी सर्वे टीम के साथ उपस्थित रहें। सक्षम प्राधिकारी द्वारा अधिग्रहण हेतु प्रस्तावित शासकीय भूमि तथा अनुसूची में अंकित अकृषक भूमि का गाटावार निरीक्षण कराया गया। मौके पर अर्जन प्रभावित खातेदार व अन्य स्थानीय कृषकगण मौजूद रहें। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सक्षम प्राधिकारी नगर मजिस्ट्रेट द्वारा स्थानिक अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि प्रस्तावित भूमि की निशानदेही हेतु मौके पर पत्थर लगाये जायें। निरीक्षण के समय जिन भू-खण्डों में मौके पर परिसम्पत्तियां पाई गयी है उनकी ग्रामवार सूची उपलब्ध कराया जाय।