: समाधान दिवस का जायजा लेने थाना कैसरगंज पहुंची डीएम व एसपी
Sat, Jul 27, 2024
जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए गुणवत्तापरक निस्तारण के दिये निर्देश
बहराइच। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवसों का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला द्वारा थाना कैसरगंज का निरीक्षण कर मौजूद फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए गए। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान ग्राम बैरी महेशपुर के फरियादी शमतुलहक के प्रार्थना पत्र के सम्बंध में उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज दीक्षित को जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि दोनों पक्षो को बुलाकर समस्या का समाधान कराये। इसी प्रकार गोड़हिया नम्बर 2 की फरियादी सरला देवी की समस्या के समाधान के सम्बंध में चकबन्दी कानूनगो विश्राम लाल, बगहिया के बाबादीन के रास्ता को अवरोध करने से सम्बन्धित समस्या के सम्बंध में कानूनगो छत्रपाल व एसओ थानाध्यक्ष राजनाथ सिंह को तत्काल मौके पर जाकर अवरोध हटाये जाने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा दो पक्षो में लड़ाई झगड़े की समस्या लेकर बच्चे के साथ नंगे पांव पहुंची बड़कई मौरी की सुमन पत्नी हुसैनी की समस्या को पुलिस अधीक्षक ने गम्भीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए सब इस्पेक्टर को निर्देश दिया कि फरियादी की आवश्यक उपचार के उपरान्त तत्काल मौके पर जाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराये। साथ ही एसपी ने महिला व बच्चे को चप्पल भी मंगाकर दिया। इसी प्रकार डीएम व एसपी ने समाधान दिवस में आये हुए अन्य फरियादियों की समस्याओं का गम्भीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्धत्ता के साथ गुणवत्तापरक निर्देश दिये गये। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि भूमि विवाद से सम्बन्धित समस्याओं का राजस्व व पुलिस की टीम सयुक्त रूप से मौके पर जाकर समयबद्धत्ता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करें। जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस के पंजिका का भी अवलोकन कर पूर्व के समाधान दिवस में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण का जायजा भी लिया। थाना समाधान दिवस में 18 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें 03 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 01 प्रार्थना पत्र में अभियोग दर्ज किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम भेजी गयी है। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी जरवल अमन वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: आखिरकार पिंजरे में कैद हुआ आदमखोर तेंदुआ
Sat, Jul 27, 2024
बहराइच। आम लोगों के लिए मुसीबत का सबक बना तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में आखिरकार कैद हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। तेंदुए को अब जंगल मे छोड़ा जाएगा। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत सोमईगौढी गांव में बीते एक माह से तेंदुआ लोगों पर हमला कर रहा था। ग्रामीणों पर हमले को देखते हुए वन विभाग की ओर से ग्राम पंचायत के मनोहरपुरवा के एक गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया गया था। शुक्रवार रात को पिंजरे में बकरी के शिकार के लिए आई तेंदुआ कैद हो गई। डीएफओ बी शिव शंकर ने बताया कि तेंदुआ मादा है। उसकी उम्र पांच वर्ष है। उन्होंने बताया कि वन संरक्षक और मुख्य वन संरक्षक को जानकारी दी गई है। आदेश के बाद तेंदुआ को जंगल या चिड़िया घर में भेजा जाएगा।
: एसपी ने व्यापारियों को दिलाया हर समय सुरक्षा का भरोसा
Sat, Jul 27, 2024
आपरेशन त्रिनेत्र के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील
पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने की व्यापारियों के साथ बैठक
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के व्यापारीगण, उद्यमियों तथा सर्राफा व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारी बन्धुओं को उनकी सुरक्षा हेतु पुलिस की तरफ से हर समय सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा यह भी कहा गया कि व्यापारीगण किसी भी समय अपनी किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत को पुलिस से बता सकते है। जिसका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाएगा। वही व्यापारी बंधुओं द्वारा व्यापारियों व उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, बाजारों में समुचित साफ सफाई, सड़क, पटरियों पर अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था आदि की समस्याओं से अवगत होने के बाद उसके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने व अन्य विभागों से सम्बंधित समस्याओं को उस विभाग को सूचित करने एवं उनसे समन्यवय स्थापित कर यथाशीघ्र समस्या को दूर कराए जाने तथा यातायात प्रभारी को शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने के क्रम में प्रभावी कार्यवाही किए के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारी बन्धुओं से अपने-अपने दुकानों व प्रतिष्ठानों पर पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘‘आपरेशन त्रिनेत्र‘‘ के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, सीएफओ विशाल, रामानुज गौड़, एआरटीओ विजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डा.एस.के. गौतम, स्वच्छता निरीक्षक सुरेश कुमार दुबे, नगर सर्किल के थानों के थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण तथा जनपद के व्यापारी बन्धु, उद्यमी, सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।