: अभियान चलाकर 68 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
Fri, Sep 27, 2024
बहराइच। पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा द्वारा वांछित वारण्टियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी व अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में जनपद के थानों द्वारा टीम गठित कर 26 सितम्बर की रात्रि 11 बजे से 27 सितम्बर प्रातः 08 बजे तक अभियान चलाकर 66 वारण्टी व 02 वांछित कुल 68 अभियुक्तों को न्यायालय व मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी आदेशों-निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया व 15 वारण्टों का निस्तारण किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु रवाना किया गया। गिरफ्तार वांछित/वारंटियों में थाना दरगाह शरीफ से 02 वारण्टी, थाना पयागपुर से 04 वारण्टी,थाना रिसिया से 02 वारण्टी थाना रानीपुर से 07 वारण्टी, थाना जरवलरोड से 01 वारण्टी, थाना फखरपुर से 01 वारण्टी, थाना हुजूरपुर से 04 वारण्टी, कोतवाली नानपारा से 18 वारण्टी थाना मटेरा से 03 वारण्टी, थाना नवाबगंज से 02 वारण्टी, थाना रुपईडीहा से 01 वांछित, 03 वारण्टी, थाना मोतीपुर से 02 वारण्टी, कोतवाली मुर्तिहा से 01 वारण्टी, थाना हरदी से 01 वारण्टी, थाना रामगांव से 01 वांछित, 07 वारण्टी थाना खैरीघाट से 08 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
: रुपईडीहा रोडवेज डिपो पर नेपाली दलालों का आतंक, जिम्मेदार अनजान
Thu, Sep 26, 2024
रुपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा रोडवेज डिपो पर भारी संख्या में नेपालगंज के होटलो के दलालों का सुबह से ही जमावड़ा लग जाता है। भारत-नेपाल सीमा सुबह 6 बजे खुलता है। परंतु ये दलाल रुपईडीहा के पूरब व पश्चिम खुली सीमा का लाभ उठाते हुए दबे पांव सुबह 3, 4 बजे रोडवेज डिपो पर पहुंच जाते हैं। दिल्ली, लखनऊ, हरिद्वार, शिमला, जयपुर व वाराणसी आदि स्थानों से सुबह नेपाली सवारियों को लेकर बसे डिपो पर पहुंचती हैं। दर्जनों की संख्या में नेपालगंज के होटलों के दलाल बसों को घेर लेते हैं। सवारियां उतरने भी नही पाती कि ये बसों के गेट घेर कर खड़े हो जाते हैं व छीना झपटी करने लगते हैं। नेपाली भाषा मे सवारियों को समझाबुझाकर होटलों में ले जाकर होटल मालिकों से कमीशन ले लेते हैं। इस संबंध में बसों के चालक व परिचालक इन्हें दूर हटने के लिए कहते हैं तो ये दलाल झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। युवक ही नही नेपाली युवतियां तक रोज डिपो पर दलाली करने के लिए पहुंच रही हैं। नेपाली दलाल रुपईडीहा के बाहर पेट्रोल पंप तक धावा मारते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डिपो की ओर से कई बार स्थानीय प्रशासन से पत्राचार किया गया है। परंतु समस्या जस की तस है। सवारियों को स्टेशन रोड पर मारपीट कर रिक्शों पर बैठाते भी देखा जा रहा है। रास्ते मे जांच का भय दिखाकर 100 से 500 रुपये तक ठग लेते हैं। नेपाली सवारियों को यहां कई परेशानियों से गुजरना पड़ता है। दलाल अपनी बाइकों पर भी जबरिया सामान सहित बैठा लेते हैं। ई-रिक्शा चालक डिपो में घुस जाते हैं व नेपाली सवारियों का सामान छीनकर अपने रिक्शे पर बैठाने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। कुछ चालक परिचालकों ने यह भी बताया कि सुबह यदि थाने से 2 सिपाही या होमगार्ड ही आ जाएं तो समस्या का समाधान हो सकता है। विजय दशमी को नेपाल में बड़ा दशयी कहते हैं। यह नेपाल का सामाजिक व राष्ट्रीय महापर्व माना जाता है। भारत के विभिन्न शहरों में काम करने वाले नेपाली कामदार दशहरा मनाने स्वदेश लौटते हैं। फलस्वरूप झुंड के झुंड सपरिवार नेपाली कामदार रुपईडीहा रोडवेज डिपो पर उतर रहे हैं। रुपईडीहा थाने के सामने एसएसबी की जांच के पहले कुछ रिक्शावान मनमाना किराया वसूलते हैं।
: एएसपी ने कोतवाली देहात का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
Thu, Sep 26, 2024
गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं को किया जायें जागरूक
लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा कर निस्तारण के दिए निर्देश
बहराइच। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा द्वारा कोतवाली देहात के विवेचकों का अर्दली रूम कर विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। लम्बित विवेचनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। शेष अभियोगों का शीघ्र अनावरण करते हुए बरामदगी, गिरफ्तारी करने के साथ, थाना क्षेत्र में घटित हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने व यातायात नियमों का पालन कराये जाने के दृष्टिगत चार पहिया, दो पहिया वाहनों में बिना नम्बर प्लेट, बिना हेलमेट, तीन सवारी, हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट, लाल नीली बत्ती व प्रेसर हॉर्न आदि का चालान करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही बैंको की नियमित रूप से चेकिंग करते हुए अपेक्षित कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। एक्सीडेंट की घटना को ई डीएआर एप पर मौके पर फीडिंग करने के लिए निर्देशित किया गया व आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया। मौके पर प्रशिक्षु उपाधीक्षक श्रीमती हर्षिता तिवारी मौजूद रहीं। हिट एंड रन एक्सीडेंट से सम्बन्धित प्रारूप को अनिवार्य रूप से भरा जाये जिसके सम्बन्ध में कड़ाई से निर्देशित किया गया। थाने पर पंजीकृत गुमशुदगी व अपहरण से सम्बन्धित अभियोगों का शीघ्र अनावरण कर अपहृत, अपहृता को बरामद करना सुनिश्चित करें। पुलिस महानिदेशक द्वारा विवेचना निस्तारण व एनबीडब्लू की गिरफ्तारी का अभियान चलाया जा रहा है जिसमें शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। थाने पर प्राप्त महिला अपराध सम्बन्धी प्रार्थना पत्रों व पंजीकृत अभियोगों के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ महिला अपराध पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत थाना क्षेत्र में महिला बीट पुलिस अधिकारी के साथ गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।