: डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
Sat, Apr 29, 2023
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाएं जाने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन राजीव कुमार द्वारा बताया गया कि जनपद में विभिन्न प्रमुख मार्गो पर होने वाली दुघर्टनाओं के आकलन के अनुसार ब्लैक स्पाट्स परिभाषा के अनुसार नये ब्लैक स्पाट्स का चयन किया गया है। सूची सम्बन्धित विभागों को ब्लैक स्पाट्स पर सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया है। इस सम्बंध में जिलाधिकारी द्वारा एनएच लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये गये कि चिन्हित ब्लैक स्पाट्स पर तत्काल सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराये। दुर्घटना बाहूल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) के सुधारात्मक, सुरक्षात्मक कार्य अन्तर्गत ज़िले में चिन्हित सभी ब्लैक स्पाट्स पर रेफलेक्टिव इन्डिकेटर बोर्ड, सुरक्षा संकेतक बोर्ड लगवाए जाएं। जिलाधिकारी ने यह भी सुझाव दिया कि लिंक मार्ग व मुख्य मार्गं को कनेक्ट करने वाले स्थानों के पास संकेतांक के साथ मानक के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाए। ई-रिक्शा के संचालन से लगातार जाम की समस्या के समाधान के लिए डीएम ने सुझाव दिया कि ई-रिक्शा संचालन के लिए रोड डाईवर्जन कर मार्गों का निर्धारण कर दिया जाय तथा रिक्शा चालकों के लिए चार्जिंग प्वाईन्ट भी बनाएं जाएं। ई-रिक्शा के रूट व मुख्य हाइवे पर चलने से प्रतिबन्धित करने पर विचार के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में एआरटीओ, सीओ यातायात व यातायात निरीक्षक की टीम परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराये। जनपद में एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता एवं स्थल चयन के सम्बंध में विचार-विमर्श के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस उपलब्ध है। दुघर्टना में घायल व्यक्तियों के त्वरित उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जरवल व मोतीपुर को ट्रामा सेण्टर मानते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गयी है। जनपद में संचालित स्कूली वाहनों का नियमावली के अनुसार संचालन के सम्बंध में जिलाधिकारी द्वारा परिवहन प्रशासन को निर्देश दिये गये कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के फिटनेस इत्यादि का सत्यापन करा लें। डीएम ने परिवहन व पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि नियमित रूप से यातायात नियमों की जानकारी जन-जन तक पहुॅचाये जाने के उद्देश्य से वाल राईटिंग, हैण्डबिल्स, होर्डिंग्स व बैनर इत्यादि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करायें साथ ही सम्पूर्ण समाधान दिवस, चौपालों, शिविरों इत्यादि के अवसर पर भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी उपलब्ध करायी जाय तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं संकेतों के बारे में भी जागरूक किया जाय ताकि जनमानस को यातायात सम्बन्धी नियमों की जानकारी हो सके और दुर्घटना में कमी लाई जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिरूद्व प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुॅवर ज्ञानंजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जे.पी. सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राजीव कुमार (प्रवर्तन) ओ.पी. सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा हुई संपन्न
Sat, Apr 29, 2023
168 बच्चों ने छोड़ी नवोदय की परीक्षा
जरवलरोड, बहराइच। नवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए शनिवार को निर्धारित प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। शनिवार को ठाकुर भगवती सिंह किसान इंटर कॉलेज जरवलरोड में नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए 163 बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जबकि 168 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। ज्ञात हो कि परीक्षा में प्राइमरी में अध्ययनरत क्षेत्र के 331 बच्चों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते 163 बच्चे ही परीक्षा में सम्मिलित हुए। वही दूसरी तरफ 168 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी एडीओ आईएसबी राजेश सिंह, एडीओ पंचायत बृजेश सिंह, कॉलेज के प्रधानाचार्य विनोद कुमार मिश्रा, प्रवक्ता कुंवर आनंद प्रताप सिंह आदि की देखरेख में एवं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में प्रवेश परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया गया।
: बच्चों को नियमित उपस्थिति के लिए करें प्रोत्साहितः बीईओ
Sat, Apr 29, 2023
संविलियन विद्यालय बाबागंज मे हुई मासिक बैठक
नानपारा, बहराइच। उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबागंज मे ब्लॉक नवाबगंज के शिक्षकों की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने किया। उन्होंने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा की महानिदेशक स्कूली शिक्षा के निर्देशानुसार 31 जुलाई तक 06 वर्ष पूर्ण होने पर ही बच्चों का विद्यालय मे नामांकन करें। बच्चों की उपस्थिति पर ध्यान देने की जरुरत है। इसके लिए छात्र उपस्थिति बढ़ाने पर अभिभावकों व एसएमसी सदस्यों के साथ चर्चा करते रहें। बच्चों को नियमित उपस्थिति के लिए प्रोत्साहित करें। शत प्रतिशत नामांकन करने का कार्य करें। श्री वर्मा ने कहा की सभी शिक्षक संदर्शिका के अनुसार रोचक गतिविधियों के साथ कक्षा मे शिक्षण कार्य करें। नियमित ट्रैकर भरते रहे। बच्चों के सहयोग से स्कूलों मे टीएलएम निर्माण करें। निश्चित समयानुसार एसएमसी व पीटीएम की बैठक का आयोजन अनिवार्य रूप से करें। बीईओ श्री वर्मा ने सभी शिक्षकों से नियमित शिक्षक डायरी भरने, रसोई कक्ष मे एमडीएम टोल फ्री नंबर अंकित करवाये जाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने मिशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी 06 पैरामीटर के कार्यों को पूर्ण कराये जाने का निर्देश देते हुए कहा कि शिथिलता बरते जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। एआरपी सुनील कुमार ने स्कूल मे बच्चों के आकलन के बारे मे विस्तार से जानकारी दी तो वहीं एआरपी विपिन सिंह ने कक्षा मे स्कूल रेडिनेस गतिविधि कैलेंडर व शिक्षक संदर्शिका के प्रयोग के बारे मे बताया। इस मौके पर बैठक मे मुख्य रूप से एआरपी विपिन सिंह, निर्मल शुक्ला, दुर्गेश द्विवेदी, त्रिलोक प्रसाद, सुनील कुमार, राकेश मौर्या, करुणाकृष्ण श्रीवास्तव,जंगली प्रसाद, तीरथराम, अरविन्द वर्मा, सुग्रीव वर्मा, निर्मल चौधरी, रवि कुमार, विकास द्विवेदी, अजय कुमार सहित समस्त शिक्षक मौजूद रहे।