: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी
Thu, Sep 28, 2023
शांतिपूर्वक संपन्न हुआ ईद मिलादुन्नबी का जुलूस
कैसरगंज/रूपईडीहा, बहराइच। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया गया। जुलूस-ए-मोहम्मदी में इस्लामी परचम के साथ, शान से फहराया गया तिरंगा। दुनिया में मानवता और इंसानियत का संदेश देने वाले पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब का जश्ने विलादत (जन्मदिवस) धूमधाम से मनाया गया। जुलूस में सैकड़ों की तादात में वाहन व लोग शामिल रहे। जुलूस कैसरगंज के ग्राम कोनारी बंगला में ग्राम प्रधान मुफीद अहमद के नेतृत में बड़े ही धूमधाम से निकाला गया। 12 रबीउल अव्वल का त्योहार हजरत मोहम्मद साहब के विलादत पर ग्राम कोनारी बंगला में हर घर मे मिलाद कराकर सही तरीके से ग्राम प्रधान मुफीद अहमद के नेतृत में ग्राम कोनारी बंगला से कैसरगंज तक जुलूस निकाल कर मनाया गया। कैसरगंज मुख्यालय पहुंचने पर नौगैया, ऐनी, कुडोनी अलहियापुर सहित अन्य ग्राम पंचायत के सैकड़ो दो पहिया चार पहिया वाहनों के साथ लोग जुलुस में शामिल हुए। इस मौके पर कैसरगंज के सपा विधायक आनन्द यादव, नगर पनचायत कैसरगंज अध्यक्ष यूसुफअली उर्फ सोनू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सयूब अली, पूर्व ब्लाक प्रमुख मंसूब अली, जिला पंचायत प्रधान मोहम्मद जावेद, प्रधान मोहम्मदनियाज, अरफात अहमद, महताब, समाल अहमद, फुरकान अहमद, सुल्तान अहमद, मुक्तदीर अहमद, तारिक अहमद, लाइक, बब्बन, बसपा नेता बकाउल्लाह खान सहित गांव के अन्य लोग मौजूद रहे। वही फखरपुर में भी ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस में सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जुलूस में एसडीएम कैसरगंज पंकज दीक्षित, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज कमलेश कुमार सिंह, कोतवाल कैसरगंज राजनाथ सिंह, प्रभारी निरीक्षक फखरपुर मुकेश कुमार सिंह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत रूपईडीहा में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत व एहतेराम के निकाला गया। जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। गुरुवार को जुलूस ए मोहम्मदी जामा मस्जिद से होते हुए चकियारोड चौराहा, रूपईडीहा गांव, मुस्लिम बाग, बरथनवा नई बस्ती मुख्य बाजार से होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में नात ख्वानि के काफिले शामिल हुए। बारह रबीउल अव्वल की पूर्व संध्या पर बड़ी मस्जिद के सामने एक जलसे का भी आयोजन किया गया था। जिसमें मनकापुर से तसरीफ लाए मौलाना मोहम्मद वसीम हसमती ने मोहम्मद साहब की सीरत बयान की। अन्य उलमा-ए-किराम ने पैगंबरे इस्लाम की रिसालत, अजमत, बड़ाई व फजीलत बयान कर लोगों से सच्चाई, ईमानदारी तथा शरीअत के मुताबिक जिन्दगी गुजारने की अपील की। इसके पूर्व शोराय इकराम कमल अख्तर बस्तावी,बस्ती,कारी नौसद आलम बस्ती, जमील फैजाबादी, कारी निसार ने नातिया कलाम पेश किए। निजामत हाफिज मोहम्मद अतीक ने की। रुपईडीहा ईद मिलादुन्नबी कमेटी के मेजबान खेसाल फारूकी, शमशाद खान, पूर्व प्रधान मो. जुबेर फारुकी, डॉ सज्जन, राजा इमाम रिजवी, मोहम्मद अरशद, जमालुद्दीन, मोहम्मद अकरम, मोहम्मद कौसर, इरशाद अहमद, रईस अहमद, शकील अहमद सिद्दीकी, पूर्व प्रधान कलीम अशरफी, नौशाद हुसैन, महबूब अहमद, इम्तियाज अली, मोहम्मद आलम मेकरानी, गुड्डू मेकरानी समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
: जिलाधिकारी ने केजीबीवी तेजवापुर का किया औचक निरीक्षण
Wed, Sep 27, 2023
विद्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण में पायी गयी कमियों को दो दिवस में दुरूस्त कराने के दिये निर्देश
बहराइच। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तेजवापुर में पठन-पाठन की गुणवत्ता, बालिकाओं के रहने, खान-पान, सुरक्षा, हास्टल, कक्ष-कक्षों, पुस्तकालय, रसोईघर व प्रसाधन, विद्यालय, भवन व परिसर की साफ-सफाई इत्यादि की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने औचक निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों व विद्यालय स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी व खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालय, परिसर, शौचालय इत्यादि की समुचित साफ-सफाई के साथ-साथ छात्राओं को मानक के अनुसार भोजन, नाश्ता इत्यादि उपलब्ध कराया जाय। उन्होनें यह भी निर्देश दिया कि विद्यालय के दरवाजे, खिड़की, पंखे इत्यादि को भी आवश्यकतानुसार दो दिवस में ठीक करा दिया जाय ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने शिक्षण स्टाफ को निर्देश दिया कि छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान की जाय। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा, वार्डेन तृप्ति श्रीवास्तव सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: शैक्षणिक भ्रमण के लिए छात्र-छात्राओं के दल को डीएम ने किया रवाना
Wed, Sep 27, 2023
महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल चित्तौरा एवं बौद्ध स्थल श्रावस्ती का निरीक्षण करेगा दल
बहराइच। प्रदेश में युवा टूरिज्म को बढ़ावा दिये जाने एवं प्रत्येक जिले के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक, पौराणिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहरों तथा अल्पज्ञान परन्तु अत्यधिक संभावनायुक्त पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के दृष्टिगत जनपद में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अन्तर्गत गठित युवा पर्यटन क्लबों को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शैक्षणिक भ्रमण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने हरी झण्डी दिखाकर बस को रवाना किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, प्रशिक्षु पीसीएस प्रिंस वर्मा, सम्बन्धित विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षकाएं व युवा पर्यटन क्लब के सदस्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जिला पर्यटन अधिकारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अन्तर्गत जनपद के सरकारी व एडेड 05 विद्यालयों राजकीय इण्टर कॉलेज, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, महाराज सिंह इण्टर कॉलेज, तारा महिला इण्टर कॉलेज तथा आजाद इण्टर कॉलेज में गठित युवा पर्यटन क्लबों के 10-10 छात्र-छात्राओं कुल 50 छात्र-छात्राएं जिसमें 26 छात्राएं व 24 छात्र शामिल है को शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया है। उन्होनें बताया कि छात्र-छात्राओं का यह दल महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल, चित्तौरा एवं बौद्ध स्थल, श्रावस्ती का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त करेगा।