: सीएम डैशबोर्ड पर डाटा फीडिंग कार्य को अद्यतन रखें विभाग: डीएम
Fri, Sep 27, 2024
बहराइच। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड व आई.जी.आर.एस. सन्दर्भों की समीक्षा हेतु वृहस्पतिवार को देरशाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। ग्रेडिंग की समीक्षा के दौरान डीएम द्वारा निर्देश दिये गये कि जिन विभागों की श्रेणी ’ए’ है, ऐसे विभाग ‘ए’ प्लस श्रेणी में आने का प्रयास करें और ‘ए’ प्लस वाले यथास्थिति को बनाये रखें। पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए सालिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान, स्वच्छ शौचालय, बहुउद्देशीय भवन, अन्त्येष्टि स्थल, पंचायत भवन, आर.आर.सी. सेन्टर, ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा इत्यादि की प्रगति संतोषजनक न पाये जाने पर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया गया कि सम्बन्धित एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान व सचिव के साथ अलग से बैठक कर प्रगति में सुधार लाये। पर्यटन विभाग की 17 परियोजनाओं के सापेक्ष मात्र 05 परियोजनाएं पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन सूचना अधिकारी को निर्देश दिया धीमी प्रगति वाली कार्यदायी संस्थाओं के सम्बन्ध में शासन को अवगत कराया जाय तथा 15 दिवस में सभी कार्य स्थलों का स्वयं भ्रमण कर निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराएं। आईजीआरएस सन्दर्भों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि डिफाल्टर व असंतुष्टि पर विशेष ध्यान दिया जाय। शिकायतों का निस्तारण इस तरह से किया जाय कि असंतुष्ट श्रेणी के सन्दर्भों की संख्या न्यून से न्यूनतम रहे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस अन्तर्गत प्राप्त होने वाले सन्दर्भ को समयबद्धता के साथ निस्तारित करें जिससे कोई भी प्रकरण डिफाल्टर की श्रेणी में न रहे। सन्दर्भों का निस्तारण करते समय सम्बन्धित शासनादेश का अनुपालन भी किया जाय। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वयं अपनी देख-रेख में फीडिंग कार्य सम्पन्न करायें। जिन विभागों की प्रगति ‘ए’ श्रेणी से निम्न है उनके द्वारा प्रगति में सुधार के लिए प्रयास किया जाय। नीति आयोग के सूचकांकों की समीक्षा करते हुए जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देश दिया गया कि स्टेट रैंक से निम्न रैंकिंग विभागों को नोटिस जारी की जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय शर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: अभियान चलाकर 68 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
Fri, Sep 27, 2024
बहराइच। पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा द्वारा वांछित वारण्टियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी व अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में जनपद के थानों द्वारा टीम गठित कर 26 सितम्बर की रात्रि 11 बजे से 27 सितम्बर प्रातः 08 बजे तक अभियान चलाकर 66 वारण्टी व 02 वांछित कुल 68 अभियुक्तों को न्यायालय व मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी आदेशों-निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया व 15 वारण्टों का निस्तारण किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु रवाना किया गया। गिरफ्तार वांछित/वारंटियों में थाना दरगाह शरीफ से 02 वारण्टी, थाना पयागपुर से 04 वारण्टी,थाना रिसिया से 02 वारण्टी थाना रानीपुर से 07 वारण्टी, थाना जरवलरोड से 01 वारण्टी, थाना फखरपुर से 01 वारण्टी, थाना हुजूरपुर से 04 वारण्टी, कोतवाली नानपारा से 18 वारण्टी थाना मटेरा से 03 वारण्टी, थाना नवाबगंज से 02 वारण्टी, थाना रुपईडीहा से 01 वांछित, 03 वारण्टी, थाना मोतीपुर से 02 वारण्टी, कोतवाली मुर्तिहा से 01 वारण्टी, थाना हरदी से 01 वारण्टी, थाना रामगांव से 01 वांछित, 07 वारण्टी थाना खैरीघाट से 08 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
: रुपईडीहा रोडवेज डिपो पर नेपाली दलालों का आतंक, जिम्मेदार अनजान
Thu, Sep 26, 2024
रुपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा रोडवेज डिपो पर भारी संख्या में नेपालगंज के होटलो के दलालों का सुबह से ही जमावड़ा लग जाता है। भारत-नेपाल सीमा सुबह 6 बजे खुलता है। परंतु ये दलाल रुपईडीहा के पूरब व पश्चिम खुली सीमा का लाभ उठाते हुए दबे पांव सुबह 3, 4 बजे रोडवेज डिपो पर पहुंच जाते हैं। दिल्ली, लखनऊ, हरिद्वार, शिमला, जयपुर व वाराणसी आदि स्थानों से सुबह नेपाली सवारियों को लेकर बसे डिपो पर पहुंचती हैं। दर्जनों की संख्या में नेपालगंज के होटलों के दलाल बसों को घेर लेते हैं। सवारियां उतरने भी नही पाती कि ये बसों के गेट घेर कर खड़े हो जाते हैं व छीना झपटी करने लगते हैं। नेपाली भाषा मे सवारियों को समझाबुझाकर होटलों में ले जाकर होटल मालिकों से कमीशन ले लेते हैं। इस संबंध में बसों के चालक व परिचालक इन्हें दूर हटने के लिए कहते हैं तो ये दलाल झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। युवक ही नही नेपाली युवतियां तक रोज डिपो पर दलाली करने के लिए पहुंच रही हैं। नेपाली दलाल रुपईडीहा के बाहर पेट्रोल पंप तक धावा मारते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डिपो की ओर से कई बार स्थानीय प्रशासन से पत्राचार किया गया है। परंतु समस्या जस की तस है। सवारियों को स्टेशन रोड पर मारपीट कर रिक्शों पर बैठाते भी देखा जा रहा है। रास्ते मे जांच का भय दिखाकर 100 से 500 रुपये तक ठग लेते हैं। नेपाली सवारियों को यहां कई परेशानियों से गुजरना पड़ता है। दलाल अपनी बाइकों पर भी जबरिया सामान सहित बैठा लेते हैं। ई-रिक्शा चालक डिपो में घुस जाते हैं व नेपाली सवारियों का सामान छीनकर अपने रिक्शे पर बैठाने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। कुछ चालक परिचालकों ने यह भी बताया कि सुबह यदि थाने से 2 सिपाही या होमगार्ड ही आ जाएं तो समस्या का समाधान हो सकता है। विजय दशमी को नेपाल में बड़ा दशयी कहते हैं। यह नेपाल का सामाजिक व राष्ट्रीय महापर्व माना जाता है। भारत के विभिन्न शहरों में काम करने वाले नेपाली कामदार दशहरा मनाने स्वदेश लौटते हैं। फलस्वरूप झुंड के झुंड सपरिवार नेपाली कामदार रुपईडीहा रोडवेज डिपो पर उतर रहे हैं। रुपईडीहा थाने के सामने एसएसबी की जांच के पहले कुछ रिक्शावान मनमाना किराया वसूलते हैं।