: एडीजे/सचिव ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण
Sun, May 7, 2023
बहराइच। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच के सचिव विराट शिरोमणि द्वारा शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक राजेश कुमार यादव, जेलर आनन्द कुमार शुक्ल, डिप्टी जेलर देवकांत वर्मा व शेषनाथ यादव डिप्टी उपास्थित पाए गये। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक कारागार राजेश यादव द्वारा बताया गया कि जिला कारागार में जनपद के निरुद्ध बंदियों की संख्या 907 है। जिसमें पुरुष बदियों की संख्या 860 व महिला बंदियों की संख्या 47 है। नेपाली बंदियों की संख्या 41, प्रशासनिक बंदियों की संख्या 10, कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों की संख्या 11, अल्पवयस्क बंदियों की सं. 30, महिला बेटियों के साथ निरुद्ध बच्चों की संख्या 07 है। सचिव शिरोमणि द्वारा कारागार अस्पताल बैरक 10ए, बच्चा बैरक 10बी व 10सी, महिला बैरक व पाकशाला का निरीक्षण किया गया। पाकशाला के निरीक्षण में भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप बनता हुआ पाया गया। जेलर द्वारा बताया गया कि दोपहर के भोजन में सब्जी, चावल व चने की दाल दी गयी है। शाम के भोजन में रोटी, अरहर की दाल, चावल एव माह मई व जून में उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये आदेश के अनुपालन में लू से बचने हेतु बंदियों के लिये आम का पना तैयार करते हुए गया। पाकशाला की साफ-सफाई उचित पायी गयी। बैरकों के निरीक्षण के दौरान विचाराधीन बन्दियों को उनके मुकदमों की पैरवी के लिए जिला प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराये जाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही ऐसे सिद्धदोष बंदी जिनकी अपील मा. सत्र न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय में दाखिल नहीं हो पायी है, उन्हें अपनी अपील जेल अपील के माध्यम से कराये जाने का सुझाव दिया गया। बंदियों को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया गया कि प्रत्येक माह जेल में लगने वाली जेल लोक अदालत के माध्यम से अपने छोटे वादों एवं मुकदमें का शीघ्र निस्तारण कराएं। बंदीगण अंकित पुत्र शुकुल व सुशील उर्फ लंगड़ा पुत्र प्यारेलाल द्वारा वकील की मांग की गयी। इस सम्बन्ध में जेल अधीक्षक नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी जेलर द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में कारागार में 5 बंदी कोविड पाजिटिव पाये गये हैं। उन्होंने बताया कि कारागार में यदि किसी बंदी में बुखार, खांसी, जुखाम इत्यादि लक्षण दिखते हैं, तो सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुये उन्हें प्रथम बैरक में रखा जाता है। जिला कारागार में दाखिल होने वाले नये बंदियों को शुरूआत में पृथक बैरक में देखा जाता है। वर्तमान में कारागार में बूस्टर डोज लगे बंदियों की संख्या 114 है। सचिव श्री शिरोमणि द्वारा प्रतिदिन जेल परिसर का सेनेटाइजेशन, साफ सफाई एवं सुंदरता बनाये रखने हेतु निर्देशित किया गया।
: नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के देवर को एटीएस ने हिरासत में लिया
Sun, May 7, 2023
बहराइच, अमृत विचार। नगर पंचायत जरवल के मोहल्ला वैराकाजी निवासी युवक को एटीएस ने उठाया है। शनिवार शाम को पहुंची एटीएस ने जरवल चौकी और थाने में पूछताछ की। इसके बाद वह साथ लेकर चली गई। जिले के जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला वैराकाजी निवासी नजमुज्जमा उर्फ नजम की भाभी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय चुनाव लडा है। जबकि नजमुज्जमा ने चुनाव में अपने चेहरे पर वोट की मांग की। शनिवार शाम को एटीएस की टीम पहुंची। एटीएस टीम ने नजमुज्जमां को घर से उठा लिया। इसके बाद युवक से जरवल चौकी में पूछताछ की। फिर जरवलरोड थाने ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद युवक को एटीएस अपने साथ लेकर लखनऊ चली गई। जरवल चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीएफआई को लेकर एटीएस आई थी। एटीएस टीम पूछताछ के बाद युवक को अपने साथ लेकर चली गई है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि टीम आई थी। मालूम हो कि इससे पूर्व भी जरवल के कई लोगों से एटीएस ने पूछताछ की है।
छह माह पूर्व दे चुका है इस्तीफा
जरवल में एटीएस की छापेमारी को लेकर एक बार फिर पीएफआई संगठन चर्चा में आ गया है। जरवल में सैकड़ों पीएफआई के सदस्य हैं। लेकिन सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए युवक ने छह माह पूर्व इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दूसरा संगठन बना लिया है।
: खेत में लटका मिला किसान का शव, हत्या की आशंका
Sun, May 7, 2023
पुत्री ने मां पर पिता की हत्या करवाने का लगाया गंभीर आरोप
जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र में एक किसान का शव मक्के के खेत में बबूल के पेड़ से लटका पाया गया है। किसान का पैर पूरी तरह से जमीन से टिके होने के कारण हत्या कर पेड़ से लटकाने की शंका जाहिर की जा रही है। वहीं मृतक के पुत्री ने अपने ही मां और एक व्यक्ति पर पिता को मार डालने का आरोप लगाया है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पारा परसरामपुर के मजरा भगोले पुरवा निवासी 45 वर्षीय लालू पुत्र सुंदर का शव गांव के ही निकट मक्के के खेत में लगे एक बबूल के पेड़ से लटका पाया गया। ग्रामीणों के अनुसार युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका कर आत्म हत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। मृतक किसान का पैर पूरी तरह से जमीन पर रखा रहा साथ ही जिस रस्सी से शव लटका था वह रस्सी मृतक युवक का भार नही रोक सकती है। पिता की मौत की खबर सुनते ही मौके पर पहुंची मृतक की पुत्री राधा ने अपने ही सगी मां व घर आने जाने वाले एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहां है कि मेरी मां ने ही पिता को मौत के घाट उतरवा दिया है आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटकाया गया है। वही मृतक की पत्नी द्वारा थाने में तहरीर देकर सूचना दी गई है कि रविवार सुबह उसके पति ने खेत में फांसी लगा कर आत्म हत्या कर ली है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड राजेश कुमार सिंह ने बताया मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने पर मौत के कारण का पता लगेगा। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।