: 13 निरीक्षकों व एक उप निरीक्षक के कार्य क्षेत्र में बदलाव
Thu, May 18, 2023
बहराइच। पुलिस अधीक्षक ने देर रात जनपद के 13 निरीक्षकों और एक उप निरीक्षक के कार्य क्षेत्र में बदलाव कर दिया। जरवलरोड थानाध्यक्ष को हटाते हुए उन्हें डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है। एसओजी प्रभारी को विशेश्वरगंज थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने रात में जिले के विभिन्न क्षेत्र में तैनात 13 निरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि दरगाह थानाध्यक्ष आर.डी.मौर्य को एसपी कार्यालय में तैनाती दी गई है। हुजूरपुर थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्रा को दरगाह का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। दौलतपुर के चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार सिंह को हुजूरपुर थाने का थानाध्यक्ष, कैसरगंज के प्रभारी निरीक्षक को जरवलरोड थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। जरवलरोड थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह को डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है। वहीं अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक राजनाथ सिंह को प्रभारी निरीक्षक कैसरगंज, प्रभारी निरीक्षक विशेश्वरगंज श्याम देव को पयागपुर, पयागपुर के प्रभारी निरीक्षक राज कुमार पांडेय को एसओजी प्रभारी, एसओजी प्रभारी अनुज त्रिपाठी को विशेश्वरगंज, जनसंपर्क अधिकारी सौरभ सिंह को कोतवाली नगर, कोतवाली नगर के शैलेश सिंह को प्रभारी निरीक्षक रिसिया, रिसिया के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह को कोतवाली देहात का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। जबकि कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक आर.के.पांडेय को रानीपुर, रानीपुर के थानाध्यक्ष शिव नाथ गुप्ता को एसपी कार्यालय में तैनाती दी गई है।
: जमीनी विवाद के चलते फर्जी मुकदमें में फंसाने की साजिश रच रही महिला
Thu, May 18, 2023
पीड़ित ने एसपी को शिकायत सौंपकर की जांच की मांग
थाने पर घण्टों बैठाने के बाद की गई 40 हजार की मांग
थाना रामगांव का मामला
बहराइच। जमीनी रंजिश के चलते महिला द्वारा एक सीधे साधे व्यक्ति को दुष्कर्म के फर्जी मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। जिस पर पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला की साजिश के चलते पुलिस ने उसे थाने बुलाया तथा 40 हजार रूपये की मांग की। घण्टो बैठाने के बाद जैसे तैसे पुलिस ने उसे घर वापस जाने दिया। मामला थाना रामगांव के बेहटा भया गडरियनपुरवा का है। जहां रामसेवक पुत्र रामलखन टेंट का छोटा काम कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसका खेत एक महिला के खेत के सामने है। महिला द्वारा आये दिन उसके खेत में नुकसान किया जाता है। जिसके चलते उसके व महिला के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते महिला ने पहले तो 112 नम्बर पुलिस को फोन किया। जिसके बाद पीड़ित के विरूद्ध रामगांव थाने में की गई शिकायत पर रामगांव पुलिस ने उसे थाने बुलाया। जब वह गांव के प्रधान के साथ थाने गया तो उसे एक घण्टे बैठाये रखा गया और 40 हजार रूपये की मांग की गई। पीड़ित ने जब रूपये देने से इंकार कर दिया तो बमुश्किल उसे थाने से छोड़ा गया। साजिश के चलते पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी से कराने व नाजायज तरीके से थाने में बंद रखने के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले में जब थानाध्यक्ष रामगांव के मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो काफी प्रयास के बाद भी उनके मोबाइल पर सम्पर्क नहीं हो सका।
: विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान
Tue, May 16, 2023
बहराइच। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग नई दिल्ली द्वारा निर्देश दिये गये है कि जिला प्रोबेशन अधिकारी के तत्वावधान में अभियान संचालित कर फुटपाथ जैसे परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों, हॉट स्पॉट चिन्हित कर लिप्त बच्चों व उनके परिवारों का पुनर्वास तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हे मुख्य धारा में लाये जाने का प्रयास किया जाय। इसी कड़ी में रोडवेज बस स्टाप, रेलवे स्टेशन व दरगाह शरीफ आदि क्षेत्रो में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बाल भिक्षा वृत्ति में लिप्त बच्चों के चिन्हीकरण एवं पुनर्वास के लिए मुख्य हॉट चिन्हित किए गए तथा यात्रियों, दुकानदारों को जागरूक किया गया। अभियान में संरक्षण अधिकारी शिवका मौर्या द्वारा बताया गया कि बच्चे इस देश की धरोहर हैं और देश के भविष्य है, इसलिए बच्चों की पढ़ाई, खेल, खानपान के प्रति संबंधित वयस्क को विशेष ध्यान देना चाहिए, भिक्षावृत्ती में लिप्त नहीं करना चाहिए क्योंकि भिक्षावृत्ती किसी भी समाज के लिए व बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिशाप है। इसी क्रम में संरक्षण अधिकारी द्वारा सभी यात्रियों, दुकानदारों एंव व्यवसायियों से अपील कि 18 वर्ष से कम उम्र के बालकों वा किशोरों को भिक्षावृत्ति में लिप्त पाए या भीख मांगते हुए देखे तो तुरंत चाइल्डलाइन टोल फ्री नम्बर 1098 पर सूचित करे। शासन द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही जिसमें ऐसे बच्चे व गरीब परिवार जिनको मदद की जरूरत है वह जिला प्रोबेशन कार्यालय में आकर संपर्क करे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा। उक्त अभियान में संयुक्त रूप से जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला शक्ति केन्द्र, विशेष किशोर पुलिस इकाई, चाइल्ड लाइन, प्रथम संस्था व पुलिस टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया।