: जिले में यातायात माह का डीएम व एसपी ने किया शुभारम्भ
Wed, Nov 1, 2023
जागरूकता वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों व गम्भीर रूप से घायल लोगों की संख्या में कमी लाये जाने, यातायात नियमों के पालन के साथ वाहनों का संचालन तथा वाहन का संचालन करते समय शत-प्रतिशत हेमलेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के प्रति आमजन में जनजागरूकता पैदा करने के उद्देश्य 01 से 30 नवम्बर तक आयोजित होने वाले यातायात माह के शुभारम्भ अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा व मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया, ए.आर.टी.ओ. राजीव कुमार व ओ.पी. सिंह, ए.आर.एम. प्रेम प्रकाश, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी सुधांशु सिंह व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले सभी स्टेक होल्डर्स को बधाई देते हुए कहा कि यातायात नियमों के पालन के लिए मात्र जिला प्रशासन का सहयोग काफी नहीं होगा। डीएम ने कहा कि इसके लिए लोगों की सोच में परिवर्तन लाये जाने की आवश्यकता है जिसके लिए समाज के सभी वर्गों विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, अधिवक्ता, शिक्षकों व व्यापारिक प्रतिनिधियों को आगे आना होगा। डीएम ने कहा कि सभी माता-पिता व परिवार के बड़े बुज़ुगों का कर्तव्य है कि बच्चों को अच्छे संस्कार के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन करने की सीख दें। उन्होंने कहा कि प्रायः मार्ग दुर्घटनाओं में घायल या मरने वाले व्यक्तियों में अधिकतर संख्या युवाओं की होती है। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में तमाम तरह के सुधारात्मक उपाय किये जा रहें हैं। व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को सुरक्षित ड्राईव करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रेरित भी किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित इलाज मुहैया कराये जाने के प्रति गम्भीर है। इस बात के दृष्टिगत मा. न्यायालय द्वारा नेक आदमी के सम्बन्ध में दिशा निर्देश जारी किये गये हैं जिसका उल्लेख सभी चिकित्सालयों में प्रमुखता के साथ किया गया। नेक आदमी के सम्बन्ध में जारी निर्देशों के कारण अब लोगों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने में तनिक भी संकोच नहीं करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने के प्रति कटिबद्ध है। इसके लिए यातायात नियमों में तमाम तरह के बदलाव किये गये हैं। श्री वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों को यातायात नियमों की जानकारी हो जाये और लोग स्वयं से यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मार्ग दुर्घटनाओं में मृत्यु व गम्भीर रूप से घायल होने के पीछे का मुख्य कारण लोगों का सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग न करना है। उन्होंने जिले के सभी जिम्मेदार नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों व वरिष्ठ नागरिकों का आहवान किया कि लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
: हास्पिटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने वाला दूसरा अभियुक्त गिरफ्तार
Wed, Nov 1, 2023
बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस द्वारा एक निजी चिकित्सालय के मैनेजर को गोली मार कर घायल कर देने वाले दूसरे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बीते 28 अक्टूबर की रात्रि इण्डिया हास्पिटल के सामने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हास्पिटल मैनेजर विनीत कुमार सिंह के ऊपर जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया था। किसी तरह उसने भागकर अपनी जान बचाई थी। गोली विनीत सिंह के पैर में लगी थी। जिसके संबंध में सुनीत कुमार सिंह पुत्र स्व.ओम प्रकाश सिंह निवासी ग्राम धरसवा थाना कोतवाली देहात की तहरीर पर थाना कोतवाली देहात पर मुअसं. 653/2023 धारा 307, 201 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के दूसरे अभियुक्त आशीष कुमार चौबे पुत्र स्व.कालीदास निवासी सिसई हैदर टेड़वा बसंतापुर थाना कोतवाली देहात को गोनार्द लान निकट पानी टंकी के पास से बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया। घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्टार राईडर बाइक को भी बरामद किया गया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, हे.का.अर्जुन गौड, का.अनुराग शर्मा, का.अशोक कुमार यादव, का.सुनील कुमार शामिल रहे।
: गोबर से तैयार दिये होगें दीपावली का मुख्य आकर्षण
Tue, Oct 31, 2023
स्वावलम्बन की दिशा में गौशालाओं ने बढ़ाये कदम
डीएम की अभिनव पहल हुई साकार
बहराइच। जनपद में अवस्थित गो आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने की अभिनव सोच को अमलीजामा पहनाने के लिए विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का हुनर काम आ रहा है। गोआश्रय स्थल पर उत्सर्जित होने वाले गोबर व ग्रामीण परिवेश में पली बढ़ी महिलाओं के हाथों की प्रतिभा के मिश्रण से तैयार होने वाले दियों से अंधकार पर प्रकाश, अन्याय पर न्याय तथा बुराई पर अच्छाई की जीत तथा सुख एवं समृद्धि का प्रतीक दीपावली पर्व के अवसर पर जिले के सरकारी कार्यालयों पर रौशनी की बारिश होगी। उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान खण्ड विकास अधिकारी तेजवापुर ने जिलाधिकारी को महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों द्वारा गोबर से तैयार की गई लक्ष्मी व गणेश की मूर्ति, नेम प्लेट तथा दिये भेंट करते हुए महिला सदस्यों द्वारा गोबर से तैयार किये गये उत्पादों की बिक्री हेतु कलेक्ट्रेट में स्टाल लगवाये जाने का सुझाव दिया। इस सम्बन्ध में डीएम ने सुझाव दिया कि गौशाला में तैयार किये गये दियों की बिक्री की शुरूआत सरकारी कार्यालयों से की जाय। डीएम मोनिका रानी ने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया गया यह छोटा सा कदम आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। डीएम ने कहा कि गोबर आधारित उत्पादों के निर्माण से जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा वहीं स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोज़गार मिलने से गांवों में सुख व समृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होगा। डीएम ने जिले के अधिकारियों का आहवान किया कि इस दिशा में नवाचार को बढ़ावा दिया जाय तथा स्थानीय लोगों विशेषकर महिलाओं से भी सुझाव प्राप्त किये जाएं तथा आवश्यकतानुसार उन्हें प्रशिक्षण भी दिलाया जाय।