: शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए डीएम ने जनपदवासियों से की अपील
Mon, Sep 4, 2023
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जनपदवासियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी नागरिकों से अपील की है कि 11 से 16 सितम्बर तथा 09 से 14 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सघन मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम के द्वितीय एवं तृतीय चरण में छूटे हुए 0-5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराकर बच्चों को 11 जानलेवा बीमारियों (टीबी, पोलियो, डायरिया, निमोनिया, काली खांसी, गलाघोंटू, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, खसरा एवं रूबेला आदि) से सुरक्षा कवच प्रदान करें। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि जनपद में 07 से 12 अगस्त तक संचालित हुए प्रथम टीकाकरण अभियान की भांति 11 से 16 सितम्बर तथा 09 से 14 अक्टूबर तक संचालित होने वाले द्वितीय एवं तृतीय चरण में भी रविवार को छोड़कर प्रत्येक दिन जिला अस्पताल सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं टीकाकरण के लिए निर्धारित सत्र स्थल पर यह सभी टीके निःशुल्क लगाये जायेंगें। डीएम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अपने 0-5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण सत्र स्थल पर ले जाकर उनका टीकाकरण अवश्य करवायें। यह टीके पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व एएनएम द्वारा आपको नियत टीकाकरण सत्र स्थल की सूचना भी उपलब्ध करायी जायेगी। डीएम ने यह भी बताया कि ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर सभी गर्भवती महिलाओं की जांच निःशुल्क की जाती है। इसके लिए आप अपने नजदीकी आशा या आंगनबाड़ी कार्यकत्री से सम्पर्क कर सकते हैं।
: मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षको का बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन
Mon, Sep 4, 2023
मांगो से सम्बंधित ज्ञापन बीएसए को सौपा
बहराइच। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा प्रान्तीय नेतृत्व के आवाहन पर 18 सूत्रीय मांगो को लेकर संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार पाठक के नेतृत्व में सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को अपनी मांगो से सम्बंधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी को सौपा गया। धरने का शुभारंभ महसी ब्लाक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नैमिष गिरि ने मां शारदे की वंदना से प्रारम्भ हुआ। संघ के जिला मंत्री विजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की तरह कैशलेस सुविधा प्रदान करने, विद्यालयों में चौकीदार की नियुक्ति करने, प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के अतिरिक्त पांच शिक्षक तथा जूनियर विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति करने, प्रधानाध्यापक का पद बहाल करने सम्बंधी 18 मांगे शामिल हैं। सभी मांगों का धरने में उपस्थित शिक्षकों द्वारा करतल ध्वनि से हाथ उठाकर समर्थन किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधिकांश विद्यालय दूर दराज एवं दुर्गम मार्गो पर स्थित है। शिक्षकों को अपने-अपने घर से विद्यालय की दूरी तय करने में काफी समय लग जाता है फिर भी शिक्षकों को विद्यालय समय के पश्चात संकुल अथवा ब्लॉक संसाधन केन्द्र पर बैठक में उपस्थित रहने के लिए बल पूर्वक वाध्य किया जा रहा है। जिससे शिक्षकों, विशेषकर महिला शिक्षिकाओं को परेशानी उठानी पड रही है। यह गलत है इस व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाय। सभी प्रकार की ऑनलाइन फीडिंग व्यवस्था से शिक्षकों को पूर्णतया दूर रखा जाय। संघ के जिला मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि विद्यालयों में निरंतर चोरी की घटनाएं हो रही है, इस लिए विद्यालयों मे एक चौकीदार की नियुक्ति की जाय, आनलाइन फीडिंग तथा अन्य कार्यालयी कार्यो के लिए एक लिपिक की नियुक्ति की जाय। ग्रीष्मकाल में विद्यालय समय 7ः30 से 12ः30 किया जाय। धरने को सम्बोधित करते हुए संघ के संरक्षक के के पाण्डेय ने कहा कि पेंशन शिक्षक व कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है इससे उसे वंचित करना किसी भी तरीके से न्यायोचित नहीं है। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश कुमार तिवारी ने कहा शिक्षकों ने अपने अधिकारों के लिए हुंकार भरी है सफलता निश्चित है। जरवल अध्यक्ष मो आसिफ ने कहा कि शिक्षकों की सभी मांगे न्यायोचित है इसे तत्काल सरकार को मांन लेना चाहिए। धरने को जिला कोषाध्यक्ष व महसी मंत्री देवेंद्र सिंह, विश्वनाथ पाठक, तनवीर आलम, नफीस अहमद, उमाकान्त तिवारी, सुखद राज सिंह, मो जुबेर, भरत शुक्ल, बृजेश कुमार गुप्ता आदि शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी जायज मांगों के समर्थन में अपनी अवाज को बुलंद किया। इस अवसर पर भुवनेश्वर पाठक, जय सुख लाल मिश्र, सतीश कुमार पांडेय, डॉ सगीर अहमद सिद्दीकी, डॉ नंद कुमार शुक्ल, ज्ञानेंद्र पाल् आजाद, राजेश कुमार पांडेय, अवधेश वर्मा, ओंकार यादव, संध्या सिंह, रश्मि खान, सुनीता मिश्रा, बृजेन्द्र पांडेय, सुरेन्द्र सिंह, उत्कर्ष तिवारी, अरुण यादव, असफिया, नरेंद्र चौहान, श्रीराम पांडेय, सुरेन्द्र पाल सिंह सहित हजारों शिक्षक व शिक्षक नेता उपस्थित रहें।
: जायज मांगों के समर्थन में शिक्षामित्रों ने घेरा सांसद का आवास
Sun, Sep 3, 2023
अपनी जायज मांगो के समर्थन में उग्र हुए शिक्षामित्र
बहराइच। शिक्षामित्र प्राथमिक विद्यालयों में पिछले लगभग 20 वर्षों से गांव के गरीब, शोषित, वंचित, पिछड़ी जातियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजातियों के बच्चों को अनवरत गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करते चले आ रहे हैं। लगभग 1.15 लाख शिक्षामित्र अपने बच्चों के पढ़ाई लिखाई, परिवार की परिवारिस, दवाई, बच्चों की शादी विवाह आदि को लेकर तनाव ग्रस्त रहते हैं। उत्तर प्रदेश के शिक्षामित्रो की आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय हो चुकी है। हर संभव प्रयास करने के बाद भी उनकी आर्थिक स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। जिसके कारण शिक्षामित्रो के परिवार में प्रत्येक दिन अवस्तन दो से तीन लोगों की असामयिक मृत्यु होती चली आ रही है, जो कि अत्यंत ही कष्टमय व पीड़ादायक है। इसी क्रम में अपनी जायज मांगों के समर्थन में जनपद के सैकड़ो शिक्षामित्र रविवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र होकर बैठक किया और वहीं से तिरंगा यात्रा रैली निकालते हुए सांसद बहराइच अक्षयवार लाल गौड़ के आवास पर पहुंच गए और धरना प्रदर्शन करने लगे। जिस पर सांसद ने शिक्षामित्र से ज्ञापन लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी से मिलकर शिक्षामित्र की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। शिक्षामित्रो के मांगों में नियमावली में संशोधन कर शिक्षामित्र की योग्यता पूर्ण कराकर पुनः समायोजित शिक्षक बनाया जाए। समायोजन प्रक्रिया पूर्ण होने तक 12 माह का मानदेय व 62 वर्ष की सेवा सुरक्षित किया जाए। नई शिक्षा नीति में शिक्षामित्र को सम्मिलित कर इनका भविष्य सुरक्षित किया जाए। मृतक शिक्षामित्रों के जीवकोपार्जन हेतु परिवार से किसी एक को नियुक्ति प्रदान की जाए। शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षामित्र को नियमों में शिथिलता प्रदान हुए सहायक अध्यापक के पद पर नियमित किया जाए। मूल विद्यालय में वापसी से वंचित शिक्षामित्रो को पुनः एक अवसर प्रदान करते हुए मूल विद्यालय में वापस किया जाए। महिला शिक्षामित्र का विवाहोपरांत उनके ससुराल के जनपद के विद्यालय में स्थानांतरित किया जाए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिव श्याम मिश्र, अनवारुल रहमान, गिरीश चंद्र जायसवाल, सुरेश कुमार यादव, राजित राम निषाद, अवधेश कुमार वर्मा, तृप्ति सिंह, दिनेश कुमार यादव, अर्चना चौहान, सुनील कुमार सहित सैकड़ो शिक्षामित्र उपस्थित रहे।