: सीएचसी हुज़ूरपुर में मिली अव्यवस्थाओं पर बिफरी डीएम
Wed, Feb 14, 2024
प्रभारी सीएमओ, बीसीपीएम एवं ब्लाक एकाउण्ट मैनेजर का वेतन बाधित
स्वास्थ्य केन्द्र के भवन, परिसर, वार्डों की साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर डीएम ने जतायी कड़ी नाराज़गी
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने आकांक्षी विकास खण्ड हुज़ूरपुर में चिरैय्याटांड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, भवन व परिसर की साफ-सफाई, कोल्ड चेन, पेयजल एवं प्रसाधन की व्यवस्था, प्रसव कक्ष, टेक्निशियन कक्ष सहित औषधि वितरण काउण्टर, औषधि कक्ष, ओटीपी एवं वार्डों इत्यादि का सघन निरीक्षण किया तथा अभिलेखों का अवलोकन कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति से भी रूबरू हुई। अभिलेखों के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि जननी सुरक्षा योजना अन्तर्गत लाभार्थियों एवं आशा का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है। कारण पूछे जाने पर बीसीपीएम एवं ब्लाक एकाउण्ट मैनेजर बगले झांकने पर मजबूर हो गये। जिलाधिकारी ने इस स्थिति का कड़ा संज्ञान लेते हुए अग्रिम आदेशों तक प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी, बीसीपीएम एवं ब्लाक एकाउण्ट मैनेजर का वेतन बाधित किये जाने का निर्देश देते हुए इस बात की सख्त ताकीद की कि शीघ्र से शीघ्र आशा व लाभार्थियों को भुगतान कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य केन्द्र के भवन, परिसर, वार्डों इत्यादि की साफ-सफाई संतोषजनक न पाये जाने पर भी डीएम ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए सफाई कर्मियों के बिलों को सत्यापित करने वाले कर्मचारी का वेतन भी अग्रिम आदेशों तक बाधित करने के निर्देंश दिये। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि स्वास्थ्य केन्द्र पर सीबीसी व यूरीन एनिलाइज़र उपलब्ध होने के बावजूद उसे अब तक स्थापित नहीं किया जा सका है जिससे सम्बन्धित रोगी चिकित्सकीय उपकरणों के लाभ प्राप्त करने से वंचित हो रहे हैं। डीएम ने प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी व प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध सभी उपकरणों को क्रियाशील रख कर उन्हें जनोपयोग में लाया जाय। वार्डों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बेड शीट को भी समय से नहीं बदला जा रहा है इस स्थिति पर भी डीएम ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिम्मेदार का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। सीएचसी के निरीक्षण के दौरान डीएम ने वीडीओ कांफ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्र में सीएचओ की उपस्थिति का भी सत्यापन किया। डीएम मोनिका रानी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए निर्देश दिया कि चिकित्सालय पर आने वाले सभी मरीज़ों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जायें।
: कलश यात्रा के साथ साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ
Wed, Feb 14, 2024
बेरिया स्थित समय माता मंदिर पर शुरू हुआ आयोजन
बहराइच। कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ बुधवार देर सायं बेरिया स्थित समय माता मंदिर पर हुआ। भक्तों की कलश यात्रा बेरिया मंदिर से प्रारम्भ हुई। जो चित्तौरा स्थित झील से जल भरकर वापस बेरियां मंदिर पर समाप्त हुई। भक्तों द्वारा विधि विधान से मंदिर की परिक्रमा कर पूजन-अर्चन किया गया। जिसके बाद भागवत कथा का शुभारम्भ हुआ। कथा वाचक पं. वैद्यनाथ त्रिपाठी जी महराज श्यामपुर नदौना द्वारा श्रीमद्भागवत कथा सुनाई गई। विकास खण्ड हुजूरपुर के ग्राम पंचायत गोकुलपुर के प्रधान प्रतिनिधि विजेन्दर सिंह उर्फ अप्पू सिंह द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा समापन के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया जायेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान विमला सिंह, रेनू सिंह, रोली सिंह, रूबी सिंह, प्रधान प्रतिनिधि विजेन्दर सिंह उर्फ अप्पू, हरिश्चन्द्र सिंह, बजरंग सिंह, अखण्ड प्रताप सिंह, शुचिता सिंह, शिवेन्द्र सिंह सहित भारी संख्या में अन्य भक्त मौजूद रहे।
: तेंदुए के जबड़े से मासूम को मां ने छुड़ाया
Wed, Feb 14, 2024
हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट क्षेत्र में रह रहे ग्रामीणों की जिंदगी जंगली जानवरों के हमले के चलते नरक हो चली है। आए दिन कोई ना कोई हमला ग्रामीणों पर होता रहता है। बीती रात्रि घर में बैठे एक मासूम पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। मां ने किसी तरह तेंदुए से भिड़करकर उसकी जान बचाई। मंगलवार देर रात गांव के लोग खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी जंगल से निकाल कर आया एक तेंदुआ गांव निवासी बुधाई के घर में घुस गया। घर में चारपाई पर बैठे खेल रहे बुधाई के चार वर्षीय पुत्र अयान पर हमला कर तेंदुआ उसे घसीट कर ले जाने लगा। बच्चे की चीख पुकार सुनकर मां दौड़ी तो सामने तेंदुआ को देखकर सहम गई। चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग दौड़े, गांव के लोगों ने भी तेंदुए की आहट पाकर हाका लगाना शुरू किया। शोर होने के चलते तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर चला गया। लेकिन हमले में अयान गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके चेहरे और सिर पर गहरे घाव है। घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहीपुरवा में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वनकर्मियों को दी। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वन दरोगा अनिल कुमार ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और सहायता का आश्वासन दिया।