: भ्रमणशील रहकर पोलिंग पार्टी रवानगी का जायज़ा लेते रहे डीएम व एसपी
Wed, May 3, 2023
बहराइच। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने नवीन कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर, नानपारा व मिहींपुरवा का निरीक्षण कर नगर पालिका परिषद बहराइच व नानपारा, नगर पंचायत रिसिया, रूपईडीहा व मिहींपुरवा के लिए पोलिंग पार्टियों कर रवानगी कार्य का जायज़ा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों, प्रभारी अधिकारी व सहायक प्रभारी अधिकारियों से अवश्यक जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका परिषद बहराइच व नगर पंचायत रिसिया के लिए कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर बहराइच, नगर पालिका परिषद नानपारा व नगर पंचायत रूपईडीहा के लिए श्री शंकर इण्टर कालेज नानपारा तथा नगर पंचायत मिहींपुरवा केे लिए मण्डी समिति मिहींपुरवा से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। डीएम व एसपी ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारगंज, नानपारा व मिहींपुरवा का भ्रमण कर पोलिंग पार्टियों में शामिल मतदान कार्मिकों का कुशल क्षेम पूछा तथा उन्हें इस बात का सुझाव भी दिया कि यदि आप द्वारा किसी प्रकार की दवा का सेवन किया जाता है तो याद करके उसे अपने पास अवश्य रख लें। डीएम व एसपी ने मतदान कार्मिकों से कहा कि बुलन्द हौंसलें के साथ राज्य निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप मतदान प्रक्रिया को स्वतन्त्र व निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराएं। पोलिंग पार्टियों की हौंसला अफज़ाई करते हुए डीएम व एसपी ने कहा कि कानून एवं शान्ति व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं। इसके अलावा सुपर ज़ोनल, ज़ोनल व सेक्टर तथा समकक्ष पुलिस अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।
: वन्य क्षेत्र के ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधानों को किया गया जागरूक
Wed, May 3, 2023
तेंदुए के प्राकृतिकवास को बनाये रखने एवं मानव वन्यजीव संघर्ष को रोकने के संबंध में की गई चर्चा
बहराइच। विश्व तेंदुआ दिवस के अवसर पर बुधवार को कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के समस्त रेंजो में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें स्थानीय निवासी, ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में तेंदुआ के प्राकृतिकवास को बनाये रखने एवं मानव वन्यजीव संघर्ष को रोकने के संबंध में चर्चा की गई। वन क्षेत्र के निकट बसे ग्रामीणों एवं उनके ग्राम प्रधानों को जागरूक किया गया। संवेदनशील ग्राम ककरहा, मोतीपुर एवं मुर्तिहा के ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विश्व प्रकृति निधि भारत की ओर से हबीर हसन, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी ने क्या करें, क्या न करें तेंदुए के व्यवहार, मानव एवं वन्यजीवों के सह अस्तित्व के विषय में जानकारी प्रदान की गई। बाघ मित्रों ंद्वारा मानव वन्य जीव संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के लिए बताया गया। विश्व तेंदुआ दिवस के अयोजन पर समस्त क्षेत्रीय वन अधिकारी शास्वत राज, माहेअन्जुम एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
: छोटे भाई ने बड़े भाई की लाठी डंडे से पीटकर की हत्या
Wed, May 3, 2023
हत्या आरोपी को मोतीपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
बहराइच। मिहींपुरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 नयापुरवा निवासी रंजीत कुमार रावत पुत्र राजकुमार ने अपने 35 वर्षीय बड़े भाई सुजीत को भोर में सोते समय सुबह लगभग 5 बजे लाठी डंडे से मारकर मौत के घाट उतार दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसने अपने पिता राजकुमार को भी बीते छः माह पहले नवंबर माह में लाठी डंडे से ही मारकर हत्या कर दी थी। परिवरीजनों द्वारा इलाज के लिए घायल अवस्था में सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना ग्रामीणों ने 112 नंबर डायल पर दी गई। जिसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। हत्यारोपी को मोतीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।