: मुम्बई आतंकी हमले की पन्द्रहवीं बरसी मनाई गई
Sun, Nov 26, 2023
सेनानी उत्तराधिकारियों ने वीर शहीदों की शहादत को किया याद
बहराइच। स्थानीय शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारियों ने 26.11.2008 को हुए मुम्बई आतंकी हमले की पन्द्रहवीं बरसी मनाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मुम्बई आतंकी हमला देश के लिए एक हृदय विदारक घटना है जो 26 नवंबर से लेकर 29.11.08 तक चली। जिसमें 166 लोगों की मौत हो गई और लगभग तीन सौ मासूम घायल हुए। इस घटनाक्रम का एकमात्र जिन्दा आतंकवादी कसाब पकड़ा गया। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि यह हमला भारत माता के आत्मसम्मान पर चोट थी। हमलावरों ने मुम्बई के दो पांच सितारा होटलों एक अस्पताल, रेलवे स्टेशनों, शिवाजी टर्मिनल और एक यहूदी केन्द्र को निशाना बनाया था। 26 नवंबर की रात को ही आतंकवादी निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुम्बई पुलिस के अनेकों आलाधिकारी इस हमले में अपनी जान गंवा बैठे। संगठन के नगर अध्यक्ष राजू मिश्र ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा के दस आतंकवादियो ने चार दिन तक चलने वाली बारह समन्वय शूटिंग और बम विस्फोट की एक श्रृंखला को अंजाम दिया। सेनानी उत्तराधिकारियों ने वीर शहीदों की शहादत को छूते हुए अपने विचार रखे और विदेशी ताकतों की इस कृत्य की आलोचना की। कार्यक्रम में श्री शर्मा नंद, राकेश कुमार, बालाजी, मुस्ताक अहमद, अजय कुमार सिंह समेत तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद रहे।
: कानून व्यवस्था को लेकर एसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक
Sun, Nov 26, 2023
पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित
बैठक में एसपी ने दिए मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश
बहराइच। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा’ द्वारा जनपद के सभी शाखा व थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। जनपद में शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी की गई। जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों के साथ जनपद में शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा के लिए क्राइम मीटिंग की। आगामी त्यौहारों से संबंधित पुलिस प्रशासन सुचारू रूप से शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित रहे इसके बारे में उचित दिशा निर्देश दिए गए। उत्पाती व शरारती तत्वों पर नकेल कसे ताकि किसी प्रकार की विवाद की स्थित न उत्पन्न होने पाये। एसपी द्वारा सभी को निर्देश दिए गए कि अपराधियों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जाये व उनके विरूद्ध कार्रवाई जारी रखी जाये ताकि कोई भी घटना अंजाम दिये जाने से रोकी जा सके। पुराने लम्बित मामलों पर भी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि मामलों की विवेचना समुचित तरीके से पूरी की जाये। ज्यादा लम्बित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये ताकि लोगों को न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि थानों पर दी जाने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाये व उस पर तुरन्त कार्रवाई की जाये। दोषियों के विरूद्ध कोई भी नरमी न बरती जाये। जबकि गरीब व निर्दोषों को बेवजह न प्रताड़ित किया जाये और किसी पर फर्जी मुकदमा न दर्ज हो। थानाध्यक्षों को उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि नियमित गश्त क्षेत्र में करायी जाती रहे इसक लिए सभी थानेदार रूटीन बनाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाते रहे तथा स्वयं भी भ्रमण कर नजर बनाये रखे। मुखबिरों को भी सचेत रखा जाये ताकि समय पर पुलिस को जरूरी सूचना मिल सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी, सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
: बहन व बहनोई की पिटाई का विरोध करने गए साले को दबंगों ने रोटावेटर से रौंद कर मार डाला
Sat, Nov 25, 2023
दबंगों ने दो दिन पूर्व की थी बहन व बहनोई की पिटाई
थाना रामगांव के नेवादा भयापुरवा का मामला
बहराइच। बहन व बहनोई की पिटाई व मारपीट का विरोध करने गए साले पर बहनोई के पट्टीदार द्वारा रोटावेटर चढ़ाकर मार डाला गया। घटना थाना रामगांव अन्तर्गत ग्राम नेवादा भयापुरवा की शनिवार अपराहन करीब 3 बजे की है। ज्ञातव्य हो कि थाना हुजूरपुर अन्तर्गत ग्राम भैसहा निवासी गुड्डू सिंह पुत्र मैनबहादुर सिंह ने अपनी बहन की शादी थाना रामगांव अन्तर्गत ग्राम नेवादा भयापुरवा निवासी अजय कुमार सिंह पुत्र दलजीत सिंह के साथ की थी। दो दिन पूर्व अजय कुमार सिंह व उनकी पत्नी को पट्टीदारों द्वारा मारपीट कर घायल कर दिया गया था तथा घर पर पथराव भी किया गया था। जिस पर अजय के साले गुड्डू सिंह अपने सगे भाई के साथ अपने बहनोई के घर ग्राम नेवादा भयापुरवा गए हुए थे। जहां उन्होंने अपने बहनोई के साथ हुए मारपीट पर विरोध दर्ज कराते हुए सुलह समझौता कराना चाहा। पर खार खाये दबंगों ने गुड्डू के ऊपर रोटावेटर चढ़ा दिया। जिसके चलते उनका पैर कट गया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मामले में पुलिस की अलग ही कहानी है। थानाध्यक्ष रामगांव का कहना है कि मृतक युवक मारपीट के इरादे से आया था। स्वयं ही रोटावेटर पर चढ़ गया था। टैªक्टर चलते समय रोटावेटर के नीचे आ गया। जिससे उसका पैर कट गया।