: देश भक्तों ने लाला लाजपत राय को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
Fri, Nov 17, 2023
पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की 95वीं पुण्यतिथि मनाई गई
सेनानी उत्तराधिकारियों ने लाला जी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए किया कार्यक्रम का समापन
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में शुक्रवार को पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की 95वीं पुण्यतिथि एवं बलिदान दिवस मनाया गया। सभी देश भक्तों ने लाला लाजपत राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि लाला लाजपतराय कांग्रेस के गरम दल के तीन नेताओं लाल-बाल-पाल में से एक थे। उन्होंने साइमन गो बैक का नारा दिया और तत्कालीन देश की आजादी के लिए नौजवानों के खून में उबाल पैदा किया। उनका पूरा जीवन स्वामी दयानन्द सरस्वती के दर्शन से प्रभावित था। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि लाला लाजपतराय ने कहा था कि मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी की चोट ब्रिटिश सरकार के कफन की कील साबित होगी। आन्दोलनों के जरिए उनका शिक्षा, समाज सुधार, आर्थिक उन्नति एवं राष्ट्र निर्माण में बहुत योगदान था। उनकी प्रेरणा से भगतसिंह, ऊधम सिंह सहित तमाम देश के क्रांतिकारियों ने आजादी की बलि वेदी पर अपनी आहुति दी। संगठन के विशेष आमंत्रित सदस्य भानु प्रताप द्विवेदी एडवोकेट ने कहा कि लाला लाजपत राय ने हरियाणा के हिसार नामक स्थान से स्वदेशी आंदोलन का सूत्रपात किया। उन्होंने स्वदेशी आंदोलन 07 अगस्त 1905 को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक भाग के रूप में प्रारम्भ किया। यह आन्दोलन ब्रिटिश सरकार के बंगाल विभाजन के विरोध स्वरूप प्रत्यक्ष परिणाम था। अन्त में उपस्थित सभी सेनानी उत्तराधिकारियों ने लाला जी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में राहुल चौधरी, पवन सिंह, सहीम, साहब चरन, पवन तिवारी, सोनू गुप्ता सहित तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद रहे।
: ई-रिक्शा चालक ने साथियों संग युवती से की हैवानियत
Fri, Nov 17, 2023
चालक गंभीर हालत में युवती को महिला अस्पताल में छोड़कर हुआ फरार
युवती के मां की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज किया गया दुष्कर्म का मुकदमा
बहराइच। मामा के यहां से ई रिक्शा से अपने घर जा रही एक युवती के साथ शहर के एक आवास में चालक और एक अन्य ने दरिंदगी की। युवती की हालत गंभीर होने और रक्तस्राव अधिक होने पर उसे शुक्रवार सुबह जिला महिला अस्पताल छोड़कर चालक फरार हो गया। डॉक्टरों की सूचना पर एसपी सिटी थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती के मां की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के जरवलरोड थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती हुजूरपुर थाना क्षेत्र में स्थित गांव में अपने मामा के यहां दो माह से रह रही थी। गुरुवार को युवती अपने घर के लिए रवाना हुई। युवती एक ई रिक्शा पर बैठी। कैसरगंज पहुंचने पर युवती अपनी चाची का इंतजार करने लगी। इस पर ई रिक्शा चालक ने युवती को इंतजार करने वाले को अपना परिचित बताते हुए झांसे में लिया। इसके बाद उसे शहर के रोडवेज बस अड्डे के निकट अपने आवास में ले गया। यहां पर उसके साथ पूरी रात दरिंदगी की। सुबह हालत गंभीर होने और रक्तस्राव अधिक होने पर युवती को चालक जिला महिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसपी सिटी कुंवर ज्ञानज्ञय सिंह, सीओ सिटी राजीव सिसोदिया, कोतवाली नगर, देहात और दरगाह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने युवती के मां की तहरीर पर अज्ञात ई रिक्शा चालक और अन्य के विरुद्ध कोतवाली नगर में दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। जिसमें महिला ने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और मारने पीटने का आरोप लगाया है। एसपी सिटी ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। दरिंदगी की शिकार युवती की जिस तरह हालत है। उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवती के साथ’ आटो चालक के साथ अन्य ने भी दरिंदगी की है। हालांकि यह जांच का विषय है। साथ ही युवती के होश में आने और बयान देने पर ही कुछ कहा जा सकता है।
युवती के साथ हुई दरिन्दगी में डीआईजी ने की जांच पड़ताल
घटना के खुलासे के लिए लगाई गई छह टीमें
सीसीटीवी फुटेज के साथ सर्विलांस टीम की ली जा रही मदद
बहराइच। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक आवास में युवती के साथ हुई दरिंदगी के मामले की जांच के लिए शुक्रवार को डीआईजी पहुंचे। उन्होंने पीड़िता का बयान दर्ज किया। डीआईजी ने बताया कि खुलासे के लिए छह टीमें लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज के साथ सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। जरवलरोड थाना क्षेत्र निवासी एक युवती अपने मामा के यहां हुजूरपुर क्षेत्र में रह रही थी। गुरुवार को युवती अपने घर जा रही थी। ई रिक्शा पर सवार युवती को चालक जरवल क्षेत्र न ले जाकर बहराइच शहर में आ गया था। यहां पर दुष्कर्म की वारदात अपने सहयोगी के मदद से की। इसकी जानकारी होने पर डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक के साथ निरीक्षण किया। डीआईजी एपी सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए छह टीमें पुलिस की लगाई गई हैं। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि जिला महिला अस्पताल से लेकर रोडवेज बस अड्डे तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। एसपी ने बताया कि घटना में ऐसी कार्रवाई की जायेगी जो लोगों के लिए नजीर बनेगी।
: चार थाना प्रभारियों के कार्य क्षेत्र में हुआ बदलाव
Thu, Nov 16, 2023
बहराइच। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाने के उद्देश्य से चार थाना प्रभारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया है। थाना जरवलरोड प्रभारी रहे दद्दन सिंह को थाना मोतीपुर की कमान सौपी गई है। वहीं मोतीपुर में रहे थाना प्रभारी श्रीधर पाठक का गोरखपुर स्थानान्तरण हो गया है। गैर जनपद से स्थानान्तरित होकर आए विनोद कुमार राव को थाना जरवलरोड का प्रभारी बनाया गया है। कोतवाली नगर प्रभारी रहे ब्रम्हा गौड़ को कोतवाली देहात का प्रभारी बनाया गया है। कोतवाली देहात प्रभारी रहे मनोज कुमार पाण्डेय को कोतवाली नगर का प्रभार सौंपा गया है।