: रस्सी कूद बालिका वर्ग में सोनाली व बालक वर्ग में भुवनेश्वर रहे प्रथम
Wed, Aug 28, 2024
बहराइच। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय उ.प्र. लखनऊ के तत्वाधान में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति द्वारा खेल सप्ताह के अन्तर्गत दिनांक 26 से 31 अगस्त तक जिला स्तरीय फुटबाल, स्किपिंग रोप, लेमन रेस, हॉकी, बैडमिन्टन एवं एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। 27 अगस्त को बालक एवं बालिकाओं स्किपिंग रोप खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 85 खिलाड़ियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि को क्रीड़ाधिकारी द्वारा बुके, पट्का व बैच लगाकर स्वागत किया। स्टेडियम में सभी खिलाड़ियों एवं गणमान्य व्यक्तियों एवं बालक, बालिकाओं को सुश्री अंजनी यादव एसडीएम बहराइच के कर कमलों द्वारा विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया गया। रस्सी कूद बालिका वर्ग में प्रथम सोनाली निषाद, द्वितीय अविका व तृतीय उदिशा ने स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग मे प्रथम भुवनेश्वर, द्वितीय अनुराग चौधरी व तृतीय सुमित सिंह ने स्थान प्राप्त किया। 28 अगस्त को बालक एवं बालिकाओं के लेमन रेस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 153 खिलाड़ियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। क्रीड़ाधिकारी द्वारा हरी झण्डी दिखाकर लेमन रेस प्रारम्भ कियाा किया गया। मुख्य अतिथि को क्रीड़ाधिकारी द्वारा बुके, पट्का व बैच लगाकर स्वागत किया। स्टेडियम में आये समस्त खिलाड़ियों एवं गणमान्य व्यक्तियों एवं बालक, बालिकाओं को भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय के कर कमलों द्वारा विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया गया। लेमन रेस बालिका वर्ग में प्रथम कविता, द्वितीय अविका व तृतीय उदिशा ने स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग मे प्रथम सूरज यादव, द्वितीय अक्षत व तृतीय विवेक चौधरी ने स्थान प्राप्त किया। राकेश पासवान, विनोद कुमार, मो. आरिफ, मनीष कुमार बघेल तथा बेसिक शिक्षा विभाग के वीरेन्द्र पाल सिह, जिला व्यायाम शिक्षक कुशुमेन्द्र कुमार सिह, सतपाल यादव, सन्तोष कुमार सिंह, अरूणन्जय सिंह, दिलीप वर्मा तथा निर्णायक के रूप मे उक्त प्रतियोगिता में सहयोग प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता का संचालन अभिषेक कुमार धानुक उप क्रीडाधिकारी द्वारा किया गया। श्रीमती अनुपमा धानुक उप क्रीड़ाधिकारी, रोहित सिंह जीवन रक्षक आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें। उक्त कार्यक्रमों की समाप्ति आनन्द कुमार श्रीवास्तव क्रीड़ाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं आये हुए सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया गया।
: शहीद सैनिक के घर पहुंचे एसडीएम नानपारा
Wed, Aug 28, 2024
बहराइच। जनपद के तहसील नानपारा अन्तर्गत ग्राम गुरघुट्टा निवासी भारत-बंगलादेश सीमा पर तैनात सैनिक दिलीप कुमार निषाद पुत्र जमना प्रसाद निषाद की शहादत की खबर मिलने पर जिलाधिकारी मोनिका रानी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नानपारा अश्वनी कुमार पाण्डेय ने कोतवाल नानपारा प्रदीप कुमार के साथ शहीद वीर सैनिक के घर पहुंच कर शोक संतप्त परिवार के साथ भेंट कर ढांढस बधाया।
: वन राज्य मंत्री ने हिंसक वन्य जीव प्रभावित क्षेत्र का किया भ्रमण
Wed, Aug 28, 2024
पीड़ित परिवारों से की भेंट, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
सजग रहने की ग्रामवासियों से की अपील
बहराइच। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन डॉ. अरूण कुमार सक्सेना ने मुख्य वन सरंक्षक रेनू सिंह, पीसीसीएफ सुधीर शर्मा व पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ संजय श्रीवास्तव के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर वन विभाग के परिसर में विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व नानपारा के राम निवास वर्मा की मौजूदगी में जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र तथा स्थानीय विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर हिंसक जीव के हमलों पर प्रभावी अंकुश के लिए अब तक की गई कार्यवाही की गहन समीक्षा की तथा आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इसके उपरान्त वन मंत्री ने शासन से आये विभागीय अधिकारियों, विधायक महसी व बलहा की श्रीमती सरोज सोनकर, डीएम व एसपी, नोडल अधिकारी आकशदीप बधावन, डीएफओ बहराइच अजीत प्रताप सिंह, कतर्नियाघाट के बी. शिव शंकर व अन्य अधिकारियों के साथ हिंसक वन्य जीव भेड़िया से प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया। विकास खण्ड महसी अन्तर्गत ग्राम सिसईया चूर्णामणि के मजरा कुलैला के भ्रमण के दौरान मंत्री डॉ. सक्सेना ने पीड़ित परिवारों से भेंटकर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में शासन प्रशासन आपके साथ है। प्रभावित ग्रामों के भ्रमण के दौरान वन मंत्री डा. सक्सेना ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटना को लेकर अत्यन्त संवेदनशील है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सन्देश दिया है कि सरकार, शासन व प्रशासन पीड़ितजनों के साथ है। पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जायेगी। वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मैं स्वंय जनपद भ्रमण पर आया हूॅ। वन मंत्री ने कहा कि वन्यजीवों के हमलों को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए जिला प्रशासन के दिशा निर्देशन में सभी स्टेक होल्डर्स पूरी तत्परता के साथ जुटे हुए हैं। मुझे आशा है कि शीघ्र ही हमलों के लिए जिम्मेदार जीवों को पकड़ लिया जायेगा। भ्रमण के दौरान वन मंत्री ने ग्रामवासियों से अपील की कि आप लोग भी हिंसक जीव के हमलों के प्रति पूरी तरह से सजग रहें। घर के बाहर कदापि न सोये और जब भी घर से बाहर जायें दरवाज़ा को अवश्य बन्द कर दें। वन मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र में हाईमास्ट लाईट व स्ट्रीट लाईट की स्थापना करायी जा रही है। इसके अलावा आवासहीन लोगों को आवास दिलाने के साथ-साथ वन विभाग के सहयोग से दरवाजा विहीन घरों में दरवाजे की व्यवस्था की जा रही है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह द्वारा स्वयं इस कवायद का नेतृत्व करने से जिला प्रशासन व प्रभावित का लोगों को हौसला मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का भी आहवान किया कि लोगों को जागरूक करने में सहयोग करें। क्षेत्र भ्रमण के उपरान्त वन मंत्री ने निरीक्षण भवन पहुंचकर एम.एल.सी. डा. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक महसी व बलहा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय व अन्य पार्टी पदाधिकारियों, डीएम, सीडीओ, एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव के साथ बैठक कर आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में संचालित योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।