: पेट्रोल पंप से तीन लाख की नगदी चोरी
Thu, Jul 25, 2024
फखरपुर, बहराइच। थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर स्थित कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की नगदी उड़ा दी। घटना फखरपुर थाना क्षेत्र के अखनापुर गांव में स्थित पेट्रोल पम्प परिसर की है। जहाँ कमरे की आलमारी में रखी 3 लाख से अधिक की नकदी को बुधवार की रात को चोरों ने चुरा लिया। सुबह जानकारी होने पर सीओ ने पुलिस टीम के साथ मौके पर निरीक्षण किया है। गौरतलब हो कि फखरपुर थाना अंतर्गत अखनापुर मोहम्मद लुकमान का पेट्रोल पंप है। बुधवार की देर रात अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते उस कमरे में घुसे जिसमें कैश रखा था। उन्होंने वहां रखी चाबी से अलमारी के लाकर को खोल कर 3 लाख से अधिक की नकदी को पार कर दिया। चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। पेट्रोल पंप पर मौजूद कमी रात को सो रहे थे। इसी बीच मौका पाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना की जांच करने पँहुचे सीओ रूपेंद्र कुमार गौड़ ने बताया एसओजी सर्विलांस की टीम ने भी जांच की है। चोरों के फोटो भी सीसीटीवी में आए है।
: बाढ़ में फंसे लोगों की कैसे बचाएं जान, ग्रामीणों संग अफसरों ने किया पूर्वाभ्यास
Thu, Jul 25, 2024
बचाओ बचाओ की आवाज से गूंजा सिलौटा घाटबौंडी,
बहराइच। गुरुवार को बाढ़ के दौरान राहत व बचाव कार्य को लेकर बौंडी के सिलौटा घाट पर पूर्वाभ्यास कराया गया। 42 वाहिनी एसएसबी बल व राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के आपदा मित्रों ने नदी में डूब रहे व्यक्ति को बचाने का पूर्वाभ्यास किया। अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव की निगरानी में आपदा से राहत व बचाव कार्य को लेकर हुए पूर्वाभ्यास में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, अग्निशमन, आपूर्ति विभाग, पशुपालन, बाढ़ खंड, पंचायतीराज विभाग के अधिकारी शामिल हुए। पूर्वाभ्यास के लिए ग्राम बौंडी में नदी के किनारे सुरक्षित स्थान पर स्टेजिग एरिया बनाया गया। नदी में व्यक्ति के डूबने की सूचना पर एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। एसएसबी व एसडीआरएफ के प्रशिक्षित आपदा मित्रों ने डूब रहे व्यक्ति को बचाने के लिए नदी में मोटर बोट लेकर दौड़ पड़े, थोड़ी देर बाद व्यक्ति को बाहर निकाला गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर भेजा गया। थोड़ी देर बाद बचाव दल को नदी के किनारे टापू में कुछ ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना मिली। बचाव दल ने मोटरबोट से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बाढ़ शरणालय पहुंचाया। बाढ़ के दौरान गांव में पानी घुसने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए भी पूर्वाभ्यास कराया गया। मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर लाने व उपचार की व्यवस्था के लिए पशुपालन विभाग की टीम लगाई गई। एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ के समय लोगों को राहत पहुंचाने का प्रशिक्षण था। उन्होंने कहा कि जिले में बाढ़ से बचाव को लेकर टीम तैयार है। पूर्वाभ्यास के पश्चात एडीएम ने रामलीला मैदान में लगाएं विभिन्न विभागों की ओर से लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही 8 ग्रामीणों को बाढ़ राहत किट वितरित किया गया। इस मौके पर एसडीएम सदर राकेश कुमार मौर्य, एसडीएम महसी अखिलेश कुमार सिंह, सीएमओ संजय कुमार, आपदा विशेषज्ञ सुनील कुमार कनौजिया, एसएसबी की 42 वाहिनी के कमान्डेंट गंगा सिंह उदावत, सीवीओ डा. राजेश उपाध्याय उपस्थित रहे।
: अच्छे उत्पादन का आधार है गन्ना बंधाई
Thu, Jul 25, 2024
बढ़वार के अनुसार माह जुलाई, अगस्त व सितम्बर में तीन बंधाई जरूर करे किसान
फखरपुर, बहराइच। इस समय गन्ने के ऑटम प्लाट एवं पौधे के अच्छे प्लाट जिनकी बढ़वार काफी अच्छी हो गई है ऐसे सभी प्लाटो की गन्ना बंधाई किसान सुनिश्चित करे। बंधाई करने से उपज अधिक मिलती है। अच्छी गुणवत्ता का बीज प्राप्त होता है, गन्ना कटाई-छिलाई में आसानी रहती है। प्रति एकड़ शुद्ध मुनाफा में बढ़ोतरी होती है। बंधाई बढ़वार के अनुसार करे जैसे-जब गन्ने की बढ़वार 5-6 फिट हो जाये तो सिंगल लाइन में जमीन से 3 फीट की ऊंचाई पर पहली बंधाई करे। दूसरी बंधाई जब गन्ने की बढ़वार 7 से 8 फिट हो जाये तब करे, पहली बंधाई के 1-1. 5 फिट ऊपर से उसी लाइन में करे। तीसरी बंधाई जब गन्ने की बढ़वार 9-10 फिट हो जाये तो दोनों लाइन के थानों को एक साथ कैंचीनुमा बांध दे। इससे गन्ना बिल्कुल नहीं गिरेगा। साथ ही साथ इस समय मिल क्षेत्र में सर्वे सट्टा प्रदर्शन का कार्य भी चल रहा है। सभी किसान अपना सर्वे क्षेत्रफल, प्रजाति, पेड़ी-पौधा-ऑटम, मोबाइल नंबर, आधार नंबर अच्छी प्रकार देख ले और यदि कोई कमी है तो संशोधित करा ले। जिससे आगामी पेराई सत्र में कोई दिक्कत आपूर्ति करने में ना आये।ए ेसे किसान जिनका सर्वे हुआ है लेकिन समिति सदस्य नहीं है सदस्य जरूर बन जाये और रसीद प्राप्त कर ले। इन सभी बातो की चर्चा पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी द्वारा खैरा बाजार, चंदनापुर व मरौचा में उपस्थित किसानों से मीटिंग के समय की गई। इस अवसर पर काफी संख्या में किसान एवं पारले के अन्य अधिकारीगण अखंड, अमर, नीरज, रमेश, गिरजेश् व दिनेश उपस्थित रहे।