: शिक्षकों ने की चुनाव डियूटी में विसंगतियों के निराकरण की मांग
Sun, Apr 23, 2023
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने निकाय चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी में आ रही समस्याओं का सौपा ज्ञापन
बहराइच। शनिवार को चुनाव प्रशिक्षण स्थल केडीसी में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष आनन्द मोहन मिश्र एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव ड्यूटी में आ रही की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र नाथ पाण्डेय को देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की। ’जिलाध्यक्ष श्री मिश्र ने कहा कि निकाय चुनाव में दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार एवं गर्भवती महिला शिक्षिकाओं को प्रार्थना पत्र एवं अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के आधार पर चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। इसके अलावा जिन शिक्षक दम्पत्ति के पाल्य अभी छोटे हैं ऐसे कार्मिक को प्रार्थना पत्र लेकर दोनो में से एक को निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त किया जाए। साथ ही जिस शिक्षक की निर्वाचन के दौरान शादी है उन्हें ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। एनआईसी द्वारा प्राप्त चुनाव ड्यूटी में कतिपय महिला शिक्षिकाओं को पीठासीन अधिकारी की ड्यूटी मिली है उनके स्थान पर पुरुष शिक्षकों को यह दायित्व दिया जाए। ज्ञापन के सभी बिन्दुओ के अवलोकन पश्चात प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने समस्याओं के यथासंभव निस्तारण करवाने की बात कही। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी एवं परियोजना निदेशक प्रेम नाथ यादव समेत शैक्षिक महासंघ के अन्य जनपदीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
: डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र की भूसादान अपील का दानवीरों ने किया स्वागत
Fri, Apr 21, 2023
डीएम की अपील पीडी डीआरडीए, एडीओ पंचायत व ग्राम प्रधान ने दान किया भूसा
बहराइच। निराश्रित गौवंशों का संरक्षण मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ की सर्वोच्च प्राथमिकता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपद में संचालित किये जा रहे भूसादान अभियान में जिले के किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा आमजन द्वारा बढ़-चढ़ कर स्वागत किया जा रहा है। विगत दिवस विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम द्वारा अधिकारियों से भूसादान करने की अपील से प्रेरित होकर परियोजना निदेशक डीआरडीए पी.एन. यादव ने ब्लाक चित्तौरा अन्तर्गत ग्राम धरसवां गोशाला के लिए 22 कुण्टल 15 किलो, ए.डी.ओ. पंचायत विधान चन्द्र ने डुहरू गोशाला हेतु 14 कुण्टल 20 किलो तथा ग्राम प्रधान मोहरना प्रताप नरायन ने मोहरना गोशाला को 10 कुण्टल भूसा दान किया है। उल्लेखनीय है कि जनपद के गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों हेतु भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से डीएम द्वारा जिले के कृषकों, दानवीरों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भूसा दान करने की अपील की गई है। डीएम द्वारा खण्ड विकास अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि अधिक से अधिक खाली स्थान पर गौवंशो के लिए चारे की भी बुआई करा दे ताकि गौवंशो के लिए हरे चारे की व्यवस्था भी हो सके।
: कानून एवं शान्ति व्यवस्था के लिए भ्रमणशील रहे डीएम व एसपी
Fri, Apr 21, 2023
बहराइच। रमज़ान माह के अन्तिम शुक्रवार अलविदा की नमाज़ के दृष्टिगत कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाएं रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ निरन्तर भ्रमणशील रहे। डीएम व एसपी ने अपर जिलाधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानन्जय सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र के घंटाघर व छावनी इत्यादि क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सतर्क दृष्टि बनाएं रहे।