: गन्ने की पेडी पौध फसल की अच्छी पैदावार के लिए दो स्प्रे बहुत जरूरी
Thu, May 4, 2023
पारले कंपनी के मुख्य गन्ना प्रबंधक ने किसानो को दी जानकारियां
परसेण्डी, बहराइच। गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए कम से कम दो स्प्रे माह मई-जून में किसान अवश्य करे। गन्ना किसान जानते है कि यह समय गन्ना फसल में टिलरिंग का समय है। इस समय यदि गन्ने की फसल में प्रति एकड़ की दर से ग्रोमोर स्पीडफोल एनपीके 2 किलो, एमिडा क्लोरप्रिड 100 मि.ली., पारले अमीनोज तरल 1 लीटर को 200 लीटर पानी में घोल बनाकर सुबह या शाम के समय नमी की दशा में स्प्रे करे। इससे फसल में ब्यांत और बढ़वार काफी अच्छी होगी। गन्ना फसल में स्प्रे कार्य को और अधिक बढ़ावा मिले इसके लिए पारले कंपनी द्वारा स्प्रे मशीन किसानो को 25 प्रतिशत अनुदान पर दे रही है। यह अनुदान केवल सीमित समय यानि 20 मई तक ही है। इसलिए जिन किसानो के पास ट्रैक्टर है वह स्प्रे मशीन जरूर अपने गन्ना अधिकारियो से मिलकर तत्काल बुक करा ले। स्प्रे द्वारा फसल में उर्वरक एवं कीटनाशक देने से प्रति एकड़ लागत काफी कम आती है। इसलिए सभी किसान अपनी पेड़ी पौधा फसल में अधिक से अधिक स्प्रे कराये। जिससे गन्ने की अच्छी पैदावार मिल सके। यह विशेष अनुरोध पारले कंपनी के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने किसानो से किया।
: बड़ी चोरी की घटना विफल, एक चोर को घेरकर पकड़ा
Thu, May 4, 2023
बौंडी, बहराइच। बीते एक पखवाड़े के भीतर चोरों ने दूसरी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बीते एक सप्ताह पूर्व हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई थी कि एक और बड़ी घटना होने वाली थी लेकिन परिवार के लोगों के जागने से चोर पकड़ा गया। बौंडी थाना क्षेत्र के महरापुरवा निवासी संतोष मिश्रा के घर चोरों ने धावा बोलकर चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन परिवार के लोगों के जाग जाने के कारण चोर चोरी करने में विफल रहे। पीड़ित ने स्थानीय थाना पर शिकायती पत्र देकर बताया कि परिवार के लोग सो रहे थे कि रात्रि 11.30 बजे चोर घर के बरामदे में आ धमके। बरामदे में टंगी पैंट शर्ट की जेब से 2000 हजार रुपये, मोटरसाइकिल की चाभी, कील पर टंगी ट्रैक्टर की चाभी उठाकर मोटरसाइकिल को सडक किनारे किया। उसके बाद घर मे घुस कर चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इतने में पत्नी व बेटी जाग गईं और शोर मचाया। पीड़ित बरामदे में सोया था। शोर सुनकर घर की तरफ गया तो एक चोर को घेर कर पकड़ लिया। जबकि अन्य तीन चोर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की पहचान अंकित पुत्र रतनलाल निवासी माधव रेती थाना कोतवाली देहात के रूप में की गई। पीड़ित ने बताया कि डायल 112 को सूचना देकर चोर को सौंप दिया गया।
: श्रीरामजानकी इण्टर कालेज में स्थापित पिंक बूथ का प्रेक्षक ने किया निरीक्षण
Wed, May 3, 2023
बहराइच। नगरीय निकाय चुनाव अन्तर्गत जनपद के प्रत्येक नगर निकाय नगर पालिका परिषद बहराइच एवं नानपारा तथा नगर पंचायत रूपईडीहा, मिहींपुरवा, रिसिया, पयागपुर, कैसरगंज व जरवल में एक-एक पिंक बूथ बनाया गया। महिला सशक्तिकरण को समर्पित पिंक बूथों की विशेषता यह है कि यहॉ पर तैनात पोलिंग पार्टियों में सभी कार्मिक महिला होंगी। इसके अलावा पिंक बूथों विशेष रूप श्रृंगार भी किया गया। निकायवार स्थापित नगर पालिका परिषद बहराइच में बूथ संख्या 07 महिला महाविद्यालय सिविल लाइन, नानपारा में बूथ संख्या 22, प्राथमिक विद्यालय नानपारा देहात, नगर पंचायत जरवल में बूथ संख्या 15, प्राथमिक पाठशाला रानीताल, कैसरगंज बूथ संख्या 14, राजकीय बालिका इण्टर कालेज कैसरगंज, पयागपुर बूथ संख्या 17, संविलियन विद्यालय डायट परिसर, रिसिया बूथ संख्या 04, चन्द्रशेखर मेमोरियल श्यामदेवी बालिका इण्टर कालेज, मिहींपुरवा बूथ संख्या 05, सर्वोदय इण्टर कालेज तथा रूपईडीहा बूथ संख्या 10, श्रीरामजानकी इण्टर कालेज को पिंक बूथ बनाया गया है। पिंक बूथ के लिए 16 पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत रूपईडीहा अन्तर्गत श्रीरामजानकी इण्टर कालेज बूथ संख्या 10 में स्थापित पिंक बूथ का राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक अपर आयुक्त लखनऊ मण्डल रण विजय यादव ने निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।