: बाढ़ व कटान रोधी कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण
Thu, May 18, 2023
बहराइच। जनपद में घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित ग्राम समूह मंझारा तौकली, ग्यारह सौ रेती तथा गोड़हिया नं. 03 की कटान से सुरक्षा के लिए निरोधक कार्य की परियोजना के तहत रू. 460.20 लाख की लागत 975 मीटर पारक्यूपाइन, जियो बैग कार्य का जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड शोभित कुशवाहा ने बताया कि कटान रोधी कार्य से मंझारा तौकली, ग्यारह सौ रेती व तीन सौ रेती, गोडहिया नं. 03, बहराजपुरवा, रोहितपुरवा एवं भुर्गूपुरवा की लगभग 13500 की आबादी तथा 2098.87 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि की सुरक्षा होगी। अधि.अभि. श्री कुशवाहा ने बताया कि अब तक 450 मीटर पारक्यूपाईन एवं जियो बैग की स्लोप पिचिंग कार्य कार्य पूर्ण हो गया है। शेष कार्य को 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. चन्द्र ने सरयू नहर डेनेज खण्ड के अधिकारियों को निेर्दश दिया गया कि प्रत्येक दशा में निरोधक कार्यों को 15 जून से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाय। तहसील प्रशासन को निर्देश दिया गया कि संभावित बाढ़ से पूर्व राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर लें। डीएम ने कहा कि आपदा के समय पीड़ितजनों को त्वरित एवं राहत तथा जन व धन हानि को न्यून से न्यूनतम रखने के उद्देश्य से फुलप्रूफ व्यवस्थाओं के लिए समयपूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान पानी में खेल रहे बच्चों के बीच डीएम ने योगासन की प्रतियोगिता कराकर उत्कृष्ट शीर्षासन करने वाले बच्चों को नकद रूप से पुरस्कृत किया तथा मौजूद बच्चों को टाफी व बिस्किट का भी वितरण किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल, तहसीलदार अजय यादव, सहा.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड बी.वी. पाल, बीडीओ कैसरगंज सर्वेश कुमार वर्मा तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: प्रत्येक क्रय केन्द्र पर कम से कम 200 कुंटल गेहूॅ खरीदा जाय: डीएम
Thu, May 18, 2023
सर्वाधिक गेहूॅ खरीद करने वाले केन्द्र प्रभारी किये जायेंगे सम्मानित
बहराइच। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना अन्तर्गत गेहूॅ खरीद की समीक्षा के लिए क्रय एजेन्सियों के जनपद प्रभारियों, क्रय केन्द्र प्रभारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान एजेन्सीवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिया कि 100 कुन्टल से कम खरीद करने वाले क्रय एजेन्सियों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाय। उन्होंने क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर कम से कम 200 कुन्टल गेहूॅ की खरीद सुनिश्चित कराये। किसानों को यह भी बताए कि गेहूॅ बिक्री करने वाले किसानों का धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जायेगा। डीएम ने क्रय एजेन्सियों के जनपद प्रभारियों व केन्द्र प्रभारियों को निराश्रित गौवंशो के लिए अधिक से अधिक भूसादान कराये जाने के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि सर्वाधिक भूसा दान कराने वाले को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी व सचिव मण्डी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित कराये कि व्यापारियों द्वारा किसानों की उपज किसी भी दशा में एमएसपी से कम दर पर न किया जाय। उन्होंने इसके लिए सत्यापन करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान उल्लेखनीय गेहूॅ खरीद करने वाले क्रय एजेन्सी पीसीएफ के केन्द्र खैराकला के केन्द्र प्रभारी धमेन्द्र सिंह, आंबा के राजेन्द्र वर्मा, अलादादपुर के मो. अच्छन, भिलौरा बासु के प्रताप सिंह, लक्ष्मणपुर, शंकरपुर के अमित सिंह, लालपुर, शिवपुर के बुद्धिपाल, बलदूपुरवा के भगौती सिंह व बरूआ महेशपुर खैरा समेसा के विनोद कुमार तिवारी, क्रय एजेन्सी पीसीयू के क्रय केन्द्र साधन सहकारी समिति रमवापुर कमलेश वर्मा, सहकारी संघ बेहड़ा के नीरज मिश्रा, सहकारी संघ भिलौराबासु के जितेन्द्र सिंह, साधन सहाकारी समिति इटहा के अखिलेश जायसवाल तथा खाद एवं रसद विभाग के विपणन शाखा के कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर के केन्द्र प्रभारी दिवेन्द्र द्विवेदी को नगद रूप से पुरस्कृत किया। साथ ही डिप्टी आरएमओ निर्देश दिया कि इन सभी केन्द्र प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाय। डीएम ने कहा कि पुरस्कृत होने वाले केन्द्र प्रभारियों से प्रेरणा लेकर अन्य केन्द्र प्रभारी भी किसानों से सम्पर्क कर अपने क्रय केन्द्र पर अधिक से अधिक गेहूॅ खरीद करें। भविष्य में उन्हें भी सम्मानित किया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि गोल्डेन कार्ड बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनपद के 250 पंचायत सहायकों को शासन द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिरूद्व प्रताप सिंह, एसडीएम सदर सुभाष सिंह धामी, डिप्टी आरएमओ संजीव कुमार सिंह, सचिव मण्डी धनन्जय सिंह, क्रय एजेन्सियों के जनपद प्रभारी, क्रय केन्द्र प्रभारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जनपद स्वच्छता समिति की बैठक
Thu, May 18, 2023
बहराइच। जनपद स्वच्छता समिति व जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेन्ट कमेटी की बुधवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान वर्ष 2023-24 में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन के लिए चयनित 481 ग्राम पंचायतों के 558 राजस्व ग्रामों में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत तैयार किये गये कार्ययोजना का अनुमोदन इस प्रतिबंध के साथ किया गया कि कूड़ा निस्तारण केन्द्र (आरआरसी) उपयुक्त स्थल पर बने तथा कार्य नियमानुसार निर्धारित मानक के अनुसार कराया जाय। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि व्यक्तिगत शौचालयों निर्माण के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य 14816 के सापेक्ष प्राप्त आनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन 03 दिवस में कराते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को वरीयता प्रदान करते हुए नियमानुसार किश्त निर्गत करने की कार्यवाही की जाय। डीएम द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि राज मिस्त्रियों के प्रशिक्षण पर व्यय प्रशिक्षण की गुणवत्ता व सत्यापन के पश्चात नियमानुसार किया जाय। डीएम डॉ चन्द्र ने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन में गुणवत्ता पूर्ण कार्य कराये जाने के पश्चात् नोडल अधिकारियों से सत्यापन कराया जाए। साथ ही आरआरसी कूड़ा वाहन से ग्रामों से कूड़ा एकत्रीकरण करते हुए आरआरसी पर पक्का वर्मी कम्पोस्ट निर्माण प्रारम्भ कराने के प्रमाण पत्र के पश्चात ही एडीओ (पं) व सचिव के वेतन आहरण की कार्यवाही की जाय। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गोसरंक्षण योजना के तहत कुण्डासर एवं सेमरहना की बायोगैस प्लाण्ट माह के अन्त तक पूर्ण कराकर संचालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूर्व में निर्मित स्वच्छ शौचालयों का सर्वे कराकर आवश्यकतानुसार मरम्मत कराकर उपयोग में लाया जाय। ग्राम पंचायतों में रिबोर कराये गये हैण्डपम्पों के पुराने पाइप को उचित स्थान पर इकठ्ठा कर निकटवर्ती गौशालाओं को भेजवाया जाय तथा विकास खण्डों में कार्यरत कर्मचारियों का पे-रोल पर खण्ड विकास अधिकारियों का काउण्टर हस्ताक्षर भी कराया जाय। सभी पंचायत सहायकों की आईडी को रिचार्ज कराकर वीएलई के खातों में ग्राम पंचायत से धनराशि ट्रांसफर कराकर सीएचसी को संचालित कराया जाय तथा प्रतिदिन पंचायत सहायकों द्वारा कम से कम पांच हजार गोल्डेन कार्ड बनाये जाने की कार्यवाही की जाय। गर्मी के दृष्टिगत ग्राम पंचायतों के खराब हैण्डपम्पों को तत्काल मरम्मत कराकर क्रियाशील किया जाय। बाढ़ ग्रस्त ग्राम पंचायतों में नाव की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार नाव क्रय करने की कार्यवाही सुनिश्चित कराये जाने के भी निर्देश दिये गये। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत प्रदीप कुमार गुप्ता, उपायुक्त एनआरएलएम/प्रभारी डीपीआरओ रामेन्द्र कुशवाहा, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी, डीपीओ राजकपूर, खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।