: श्री अन्न के गुणों का गुणगान करेंगे शिक्षक, बच्चों की सुधरेगी सेहत
Fri, Sep 22, 2023
कृषि वैज्ञानिकों, कृषि अधिकारियों ने अध्यापकों को किया प्रशिक्षित, डीएम ने दिये टिप्स
बहराइच। कृषि विभाग के तत्वावधान में सांवरिया रिसार्ट लखनऊ रोड पर आयोजित एक दिवसीय उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्वार कार्यक्रम के अन्तर्गत स्कूल करीकुलम के माध्यम से अध्यन तथा परीक्षण कार्यक्रम का डीएम मोनिका रानी ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात् कार्यक्रम स्थल पर स्टैन्डी के माध्यम से लगाये गये ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा के श्रीअन्न (मिलेट्स) की प्रदर्शनी को देखा। कार्यक्रम में उपस्थित इण्टर कालेज के अध्यापको को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि आज हमारे जीवन में श्री अन्न का अत्यन्त महत्व है, इसलिए इसे सुपरफूड भी कहते है। वर्तमान जीवन शैली में स्वस्थ्य रहने के लिए अपनाना होगा श्री अन्न। उन्होनें उपस्थित अध्यापकों से अपेक्षा किया कि वे श्री अन्न के महत्व को अपने कक्षा के बच्चों को बताए जिससे उनके माध्यम से उनके माता-पिता सुपरफूड श्री अन्न की खेती ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा आदि की खेती की ओर उन्मुख हो सके। उन्होनें बताया कि वर्तमान पीढ़ी धान, गेहूॅ, पिज्जा, बर्गर आदि से बने भोजन का उपयोग करते है जिससे वे कई तरह की बीमारियों से ग्रसित हो जाते है। जिससे उनका अच्छा पैसा स्वास्थ्य सेवा पर खर्च करना पड़ रहा है। देश के प्रधानमंत्री ने वर्ष 2023 को इण्टरनेशनल ईअर आफ मिलेटस घोषित किया है तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिलेटस के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रमों के माध्यम से मिलेटस का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में अध्यापक बन्धुओं के साथ मिलेटस का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। डीएम ने इस अवसर पर पराली प्रबन्धन के बारे में बताया कि वर्ष 2020-21 में 115, वर्ष 2021-22 में 60, वर्ष 2022-23 में कुल 23 पराली जलाने की घटनाएं हुई थी। इस वर्ष इसे शून्य पर लाया जाना है। उन्होनें उपस्थित अध्यापक बन्धुओं से अपनी-अपनी कक्षाओं में उपस्थित बच्चों को पराली प्रबन्धन के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ वर्मा, जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रियानन्दा, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर उदय शंकर सिंह ने मिलेटस उत्पादन के सम्बंध में अपने-अपने विचार साझा कर अध्यापकों को प्रशिक्षित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र देव ने मिलेटस की विशेषता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की अपेक्षा की। कृषि विज्ञान केन्द्र नानपारा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ शैलेन्द्र कुमार सिंह, बहराइच के डॉ पी.के. सिंह, डॉ नन्दन सिंह, डॉ अनिल कुमार राजभर आदि द्वारा उपस्थित अध्यापकों को श्री अन्न की खेती के बारे में प्रशिक्षित किया। इस अवसर पर अध्यापक ओम प्रकाश वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, कमलेश कुमार गुप्ता, रजत पाठक, प्रदीप कुमार त्रिपाठी, देवेन्द्र प्रकाश मिश्र, पवन कुमार गुप्ता, संत कुमार चौबे, मो. तारिक, यतीन्द्र मिश्र, मानवेन्द्र सिंह, नैमिष कुमार गिरी, सूर्य प्रताप पाल, सुशील शुक्ल, देवेन्द्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सहायक अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। कई अध्यापकों ने अपने-अपने विचार भी प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक गु्रप ‘ए’ पंकज, अरविन्द कुमार, राम प्रकाश मौर्या, कुलदीप वर्मा, सुधाकर शुक्ला, सतीश कुमार जायसवाल, रविराज शर्मा आदि कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: खेल प्रतियोगिता में बालिकाओं का रहा दबदबा
Fri, Sep 22, 2023
खेल प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर माधवपुरी रहा अव्वल
एक बार फिर बालिकाओं ने मारी बाजी
खेल प्रतियोगिता में बालिकाएं पड़ी बालकों पर भारी
बहराइच। संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (सूफीपुरा) में संपन्न हुआ। जिसमें 6 विद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छत्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांचन कर किया। मुख्य अतिथि श्रीमती शालिनी प्रभाकर ने अपने अनुभव को छात्र-छात्राओं के मध्य साझा करते हुए खेल के उपयोगिता के बारे में विस्तृत चर्चा परिचर्चा किया। छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास कैसे हो इस पर भी प्रकाश डाला। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रबंधक कमलेश कुमार अग्रवाल व सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्राचार्य रवि मोहन शुक्ल के द्वारा मुख्य अतिथि नगर मजिस्टेªट शालिनी प्रभाकर को स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत, अभिनंदन किया गया। खेल प्रतियोगिता में छात्रा निधि सिंह ने 04 गोल्ड मेडल, आँचल चक्रवर्ती ने 02 गोल्ड मैडल, शैल्वी सिंह ने 01 गोल्ड मेडल, ज्योति यादव ने 01 गोल्ड मेडल व प्रमाण पत्र झटककर मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती शालनी प्रभाकर को आश्चर्यचकित कर दिया। भाला फेंक में छात्र शैल प्रताप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल झटकने में कामयाबी हासिल की। छात्र सुधाकर राणा ने भी एक गोल्ड मेडल झटककर जैसे तैसे लड़कों की नाक कटने से इज्जत बचा ली। सभी विजेता भैया बहनों को विशिष्ट अतिथि विभाग प्रचारक अवधेश, जिला प्रचारक अजय, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम नारायण पाण्डेय द्वारा विजयी छात्र-छत्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन कर सम्मानित किया गया। उपरोक्त खेल प्रतियोगिता में 42 भैया-बहनों ने प्रथम स्थान, 36 भैया बहनों ने द्वितीय स्थान तथा 42 भैया-बहनों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पांच विद्यालयों में सरस्वती विद्या मंदिर माधवपुरी ने प्रथम स्थान, सरस्वती विद्या मंदिर राम नारायण मद्धेशिया नानपारा ने द्वितीय स्थान, सरस्वती विद्या मंदिर रामकृष्ण नगर नानपारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष के द्वारा आये हुए सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया। इस अवसर पर खेल प्रमुख सुशील राय सहित अनूप गुप्ता, नीरज शुक्ल, संजीव यादव, जितेंद्र बाजपेयी, विजय अवस्थी, राम चरन शुक्ल, अविनाश सिंह, सहज राम, ऋषि शंकर शर्मा, कौशल किशोर त्रिपाठी उपस्थित रहे।
: एसडीएम, बीडीओ व पशु चिकित्साधिकारी गौआश्रय स्थलों का नियमित रूप से करें निरीक्षण: डीएम
Tue, Sep 19, 2023
प्रत्येक ब्लाक में कैटल कैचर की व्यवस्था कराएं बीडीओ
बहराइच। जनपद में निराश्रित गोवंशों के लिए संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को देरशाम कलेकट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने समस्त एसडीएम, बीडीओ व पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशालाओं का नियमित अन्तराल पर निरीक्षण करें तथा प्रत्येक माह किये निरीक्षणों की आख्या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराएं। खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ब्लाकों पर कैटल कैचर की व्यवस्था की जाए तथा जिन गौशालयों में विद्युत की व्यवस्था नहीं है वहां पर प्रकाश के लिए वैकल्पिक प्रबन्ध के साथ-साथ सीसीटीवी का प्रबन्ध किया जाय ताकि बेहतर ढंग से मॉनीटरिंग की जा सके। खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गौआश्रय स्थलों की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण आर.सी.सी. पिलर के साथ कराये जाने तथा गौआश्रय स्थल तक जाने वाले मार्गों पर खड़न्जा लगवाये जाने का निर्देश दिया गया। सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के लक्ष्य को समय से पूरा कराएं। मुख्यमंत्री प्रगतिशील प्रोत्साहन योजना के तहत गौशाला में उपलब्ध गोबर तथा गौमूत्र के व्यवसायीकरण हेतु कार्ययोजना तैयार की जाय। बैठक के दौरान डीएम ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि दूसरे जनपदों के गोवंशों को जनपद में छोड़े जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों के थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि दूसरे जनपदों के निराश्रित गोवंशों को जिले में न छोड़ा जाय। आसन्न बारावफात त्यौहार के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में डीएम ने एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल के माकूल बन्दोबस्त करा लिये जायें। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील अन्तर्गत भू-आवंटन के लक्ष्य को पूर्ण करें तथा वादों के निस्तारण किसी भी दशा में दायरा से कम नहीं होना चाहिए। डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान संचालित पांच वर्ष से अधिक अवधि के लम्बित वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण कराएं। डीएम ने आय, जाति, निवास व पेंशन से सम्बन्धित प्रकरणों का समयबद्धता के साथ निस्तारण करें तथा निर्विवाद वरासत के प्रकरणों को भी समय से इन्द्राज कराया जाय। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया आईजीआरएस सहित अन्य स्तर से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाय। किसी भी दशा में कोई संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं आना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर डॉ. पूजा यादव, पयागपुर के दिनेश कुमार, मिहींपुरवा (मोतीपुर) के संजय कुमार व महसी के राकेश मौर्या, उपायुक्त एमआरएलएम रामेन्द्र कुशवाहा व मनरेगा के के.डी. गोस्वामी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद व उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा थानाध्यक्षगण मौजूद रहे।