: जाल में फस गया एक आदमखोर भेड़िया
Thu, Aug 29, 2024
बहराइच। आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए जाल में एक आदमखोर भेड़िया फंस गया। जिसे रेंज कार्यालय लाया जा रहा है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में भेड़िया फंस गया। बहराइच वन प्रभाग के सदर रेंज के कई गांवों में भेड़िया मासूमों के साथ बड़ों को निवाला बना रहा है। अब तक तीन भेड़िए पकड़े जा चुके हैं। वन क्षेत्राधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि महसी के सिसैया चूड़ामणि गांव के कोलैला गांव में जाल और पिंजरा लगाया गया था। गुरुवार को सुबह 11.10 बजे भेड़िया जाल में कैद हो गया। इसके बाद उसे पिंजरा में बंद किया गया। जिसे रेंज कार्यालय लाया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। भेड़िया पकड़े जाने की सूचना पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया भेड़िया नर है, उसकी उम्र पांच वर्ष से अधिक है।
: नाबालिक बालिका से दुष्कर्म के अभियुक्त को 20 वर्ष का कठोर कारावास
Thu, Aug 29, 2024
न्यायालय ने 11 हजार रूपये के अर्थदण्ड से किया दण्डित
अर्थदण्ड अदा न करने पर 11 माह का अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी
बहराइच। नाबालिक बालिका से दुष्कर्म के अभियुक्त को न्यायालय ने 20 वर्ष के कठोर कारावास व 11000 के रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया। न्यायालय पीठासीन अधिकारी दीपकान्त मणि एएसजे पाक्सो एक्ट द्वारा घटना कारित करने वाले अभियुक्त को 20 वर्ष के कठोर कारावास व 11000 रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। वादी द्वारा दी गयी लिखित सूचना के आधार पर 22 मार्च 2019 को समय 11 बजे वादी की भतीजी (पीड़िता) उम्र 16 वर्ष जो अपने घर के बगल में सरकारी नल पर पानी लेने गई थी उसी बीच गाँव के ही विपिन कुमार पुत्र उदय भान द्वारा पीड़िता का मुँह साधकर अपने घर उठा ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। जिसके सम्बन्ध में 23 मार्च 2019 को थाना पयागपुर में मुअसं.110/2019 धारा 376 भादवि व पाक्सो एक्ट के तहत विपिन कुमार पुत्र उदय भान निवासी सोहरियावा थाना पयागपुर के विरूद्ध पंजीकृत किया गया था। स्थानीय थाना के विवेचक निरीक्षक पारस प्रसाद द्वारा साक्ष्य संकलन, गवाहों की गवाही व विवेचनात्मक कार्यवाही के उपरान्त अभियुक्त विपिन कुमार पुत्र उदय भान निवासी सोहरियावा थाना पयागपुर के विरुद्ध आरोप पत्र 29 अगस्त 2019 को धारा 376, 342 भादवि व 3/4 पाक्सो एक्ट विचारण हेतु न्यायालय के समक्ष प्रेषित किया गया। न्यायालय पीठासीन अधिकारी दीपकान्त मणि एएसजे पाक्सो एक्ट द्वारा थाना पयागपुर पुलिस, मॉनीटरिंग सेल पुलिस कार्यालय बहराइच, विशेष लोक अभियोजक सन्त प्रताप सिंह व सन्तोष सिंह तथा कोर्ट मोहर्रिर का. बृजेश कुमार साहनी व थाना पयागपुर के पैरोकार आरक्षी जितेन्द्र यादव की प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप 29 अगस्त 2024 को दोषी अभियुक्त विपिन कुमार पुत्र उदय भान निवासी सोहरियावा थाना पयागपुर को 20 वर्ष का कठोर कारावास व 11,000 रु के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। दोषसिद्ध अभियुक्त को धारा 4(2) पाक्सो एक्ट में अर्थदण्ड अदा न करने की स्थिति में 10 माह के अतिरिक्त कारावास एवं धारा 342 भादवि में अर्थदण्ड अदा न करने की स्थिति में 01 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
: प्रभारी मंत्री डा. संजय कुमार निषाद ने दीवानपुरवा का किया भ्रमण
Thu, Aug 29, 2024
शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस
बहराइच। प्रदेश के मंत्री मत्स्य/जनपद प्रभारी मंत्री डा. संजय कुमार निषाद ने एमएलसी डा. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज निषाद, भाजपा पदाधिकारी रणविजय सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, देवेन्द्र मिश्रा व अन्य पाटी पदाधिकारियों तथा अधिकारियों के साथ तहसील महसी अन्तर्गत ग्राम रायपुर के मजरा दीवानपुरवा पहुंचकर हिंसक वन्य जीव के हमले में मृतक 6 वर्षीय आयांश पुत्र सजन पासवान के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार, शासन व प्रशासन आपके साथ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जायेगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि हिंसक वन्यजीवों के हमलों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चिन्तित हैं तथा स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं। डा. निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वन्य राज्य मंत्री ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण भी किया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी विभाग अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्हें आशा है कि शीघ्र ही सभी हिंसक जीव शीघ्र ही पकड़ लिये जायेंगे। प्रभारी मंत्री ने अपील की कि सभी ग्रामवासी भी अपने स्तर पर सर्तकता बनाये रखें तथा घर के बाहर कदापि न सोये। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि इस सर्च आपरेशन में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, सीओ महसी रूपेन्द्र गौड़, सहायक निदेशक मत्स्य डा. जितेन्द्र, खण्ड विकास अधिकारी महसी हेमन्त यादव, एसडीओ वन नानपारा अशोक कुमार व अन्य अधिकारी, भाजपा व निषाद पार्टी के पदाधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।