: सौभाग्य योजना (सोलर) से जगमग होंगे जिले के दूरस्थ ग्राम व मजरे
Fri, Mar 10, 2023
बहराइच। यूपी नेडा अन्तर्गत संचालित सौभाग्य योजना के तहत गठित समितियों की बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नेडा सुरेन्द्र कुमार को निर्देश दिया कि राजस्व ग्राम घोषित किये गये वन ग्रामों को भी सौभाग्य योजना से आच्छादित किया जाया। अविद्युतकृत ग्रामों के चयन के सम्बन्ध में डीएम डॉ. चन्द्र ने पीओ नेडा को निर्देश दिया गया कि सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों से समन्वय कर ग्रामों की सूची प्राप्त करें तथा ऐसे ग्रामों को प्राथमिकता प्रदान की जाय जो विद्युत विभाग की पहुंच से भी दूर हो। कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत बैठक के दौरान इण्डो नेपाल बार्डर योजना की समीक्षा के दौरान पीओ नेडा श्री कुमार ने बताया कि इण्डो नेपाल बार्डर योजना के अन्तर्गत ग्राम मूर्तिहा, घुमनाभारू, सलारपुर, भरथापुर, कतर्नियाघाट एवं भवनियापुर का सोलर पावर पैक से विद्युतीकरण किया जायेगा। डीएम डॉ. चन्द्र ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी भवनों यथा तहसील, कलेक्ट्रेट, विकास खण्ड मुख्यालयों, ग्राम पंचायत सचिवालय में सोलर रूफटाफ की स्थापना विद्युत उत्पादन किया जाए ताकि विद्युत की बचत हो सके। सूर्य मित्रों के प्रशिक्षण पर चर्चा के दौरान निर्देश दिया गया कि प्रधानाचार्य आईटीआई से योग्य अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर उन्हें शीघ्र से शीघ्र प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। बाबू जी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना की समीक्षा के दौरान पीओ नेडा ने बताया कि ग्राम लख्खरामपुर, कन्छर, गोड़हिया न. 03 व 04, त्रिकोलिया, मोहनपुरमाफी, दहाव, सिसैय्या चूरामणि, बिसवां, मोतीपुर, परानी गौढ़ी, कोटवा, रायगंज, शैदा, नेवादा, भदवानी, शेखदहीर, बंगलाचंक, बरगदही नैजाभार व चिकनिया को आच्छादित किया गया। श्री कुमार ने बताया कि प्रत्येक ग्राम में 10-10 सोलर स्ट्रीट लाईटों से आच्छादित किया गया है। बैठक के दौरान सौर ऊर्जा नीति अन्तर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक का संचालन वरिष्ठ परियोजना अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकान्त पाण्डेय, उप खण्ड अधिकारी वन विभाग अशोक कुमार, अधि.अभि. विद्युत नानपारा कृष्ण कुमार, एसडीओ विद्युत बहराइच आनन्द सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
: अराजक तत्वों ने की मंदिर तोड़फोड़, सीओ ने किया मौके का निरीक्षण
Fri, Mar 10, 2023
बहराइच। शिव मंदिर में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच की। साथ ही गांव में पुलिस को तैनात कर दिया है। खबर के मुताबिक खैरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत थैलिहा गांव में भगवान शिव शंकर का मंदिर स्थित है। शुक्रवार प्रातः मंदिर में कुछ शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। काफी संख्या में गांव के लोग एकत्रित हो गए। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सीओ महसी जयप्रकाश त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक खैरीघाट सत्येंद्र बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की नजाकत को समझते हुए सीओ महसी ने खुद कमान संभाली और स्थिति को सामान्य किया। मंदिर के टूटे हुए अवशेष को स्थानीय लोग व पुलिस की मदद से सही करवाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने मंदिर में तोड़फोड़ की थी। मौके पर पुलिस बल तैनात है। स्थिति सामान्य है, कोई तनाव की स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल निरंतर निगरानी कर रही है।
: डीएम की अध्यक्षता में जनपद स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न
Mon, Mar 6, 2023
बहराइच। रंगो का पर्व होली के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्वच्छता समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पं.) को आसन्न त्यौहारों के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों विशेषकर होलिका दहन स्थलों के आसपास समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराये जाने के साथ-साथ समस्त कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर संवेदनशील स्थानों पर एलर्ट रहने के निर्देश दिये गये। वर्ष 2021-22 एवं वर्ष-2022-23 अन्तर्गत चयनित ओडीएफ प्लस ग्रामों में कार्ययोजना के अनुसार वित्तीय एवं भौतिक प्रगति संतोषजनक न पाये जाने पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए खण्ड विकास अधिकारियों को विकास खण्ड स्तर पर निरंतर समीक्षा करते हुए प्रगति बढ़ाये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह में संतोषजनक प्रगति न पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित कर खण्ड विकास अधिकारियों से आरोप पत्र निर्गत करायें। ग्राम पंचायतों में आरआरसी निर्माण कार्य 20 मार्च तक पूर्ण कराये जाने के भी निर्देश दिये गये। कार्ययोजना के अनुसार ग्रामों को एक्पाइरिंग, राइजिंग एवं मॉडल कटेगरी में मार्क कराने के कार्य की समीक्षा के दौरान पाया गया कि अभी तक किसी भी विकास खण्ड का कोई भी ग्राम पंचायत एक्पाइरिंग कटेगरी में मार्क नहीं किया गया है। जबकि जनपद के ग्राम पंचायतों में तरल अपशिष्ट का कार्य हुआ है। इस सम्बंध में खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि एक सप्ताह के भीतर जिन ग्रामों में ठोस अथवा तरल अपशिष्ट में से कोई भी एक कार्य प्रारम्भ हो गया है, उसे एक्सपारिंग कटेगरी में मार्क कर दिया जाय। प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान प्लास्टिक एकत्रित करने की कार्यवाही की प्रगति संतोषजनक न पाये जाने पर डीएम द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सहायक विकास अधिकारियों (पं) को निर्देश दिये गये कि अभियान चलाकर राजस्व ग्रामों में तैनात सफाई कर्मचारियों के माध्यम से प्लास्टिक एकत्रित कराने की कार्यवाही की जाय। अभियान की फोटोग्राफ्स भी शेयर किये जाय। बैठक में प्रत्येक तहसील के कम से कम 01 विकास खण्ड में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन केन्द्र की स्थापना किये जाने की संस्तुति समिति द्वारा की गयी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक प्रजापति, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर डीपीआरओ उमाकान्त, खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।