: जयंती पर चहलारी नरेश को नमन, दी गई श्रद्धांजलि
Sat, Jun 10, 2023
असिस्टेंट प्रोफेसर को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन वृत्त एवं स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात उनके भारत निर्माण पर दिया गया व्याख्यान
बहराइच/महसी/हुजूरपुर। 1857 स्वतंत्रता आन्दोलन के महा नायक चहलारी नरेश बलभद्र सिंह का जयंती समारोह जिले में अनेक जगहों पर स्थानीय सेनानी भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चहलारी नरेश द्वारा स्वतंत्रता में योगदान की चर्चा की गई तथा उनकी वीरता पर लोगों ने प्रकाश डाला। राजा बलभद्र सिंह महिला उत्थान सोसाइटी अध्यक्ष सरदार सर्वजीत सिंह ने कहा कि आजादी के आन्दोलन में चलहारी नरेश के इतिहास को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका योगदान सदैव अमर रहेगा। चहलारी नरेश उत्तराधिकारी व सोसाइटी के महामंत्री आदित्यभान सिंह ने चहलारी नरेश बलभद्र सिंह की वीरता पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक महान योद्धा बताते हुए उनकों अमर सेनानी बताया और कहा कि जब तक आजादी की चर्चा होती रहेगी चहलारी नरेश का नाम सदैव स्वर्णिम अक्षरों में लिया जाता रहेगा। सेनानी परिषद महामंत्री रमेश मिश्र ने कहा कि स्वतंत्रता आन्दोलन में जिस तरह चहलारी नरेश ने अपनी वीरता से अंग्रेजों के छक्के छुडाये थे उनकी वीरता की कहानी भारत ही नहीं विदेशों तक विख्यात है। ऐसी सेनानी को शत-शत नमन है। सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के संरक्षक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि चहलारी नरेश ने 1857 के युद्ध में जिस तरह अपनी वीरता से अंग्रेज अफसरों को मारा था व अंग्रेजी सेना भाग खड़ी हुई थी उसकी चर्चा जितनी भी की जाये कम है। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के जीवन परिचय डिजिटलाइजेशन कराने में सहयोग करने के लिए बाराबंकी निवासी सिम्पी मौर्या असिस्टेंट प्रोफेसर ममता गर्ल्स डिग्री कॉलेज बाराबंकी सम्मानित की गई। अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी एडवोकेट एवं रमेश कुमार मिश्र वित्त नियंत्रक व राजा बलभद्र सिंह महिला उत्थान सोसायटी के अध्यक्ष सरजीत सिंह एवं महामंत्री व चहलारी नरेश उत्तराधिकारी आदित्य भान सिंह के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सिम्पी मौर्या ने देश भर में स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले एवं पूज्य बापू महात्मा गांधी के आवाहन पर सत्याग्रह करने एवं सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक कष्ट, शारीरिक रूप से जेल यात्रा करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन वृत्त एवं स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात उनके भारत निर्माण पर एक व्याख्यान दिया। इस अवसर पर अजय कुमार सिंह, रोहित त्रिपाठी, सृष्टि, कुंवर, शिवेंद्र सिंह, अगम सिंह, भाजयुमो श्रावस्ती के जिला उपाध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह, अभिषेक यादव, आदित्य श्रीवास्तव, अथर्व मिश्र, अतुल सिंह, सहित तमाम समाजसेवी एवं राष्ट्र भक्त मौजूद रहे। वहीं विकास खण्ड महसी अन्तर्गत रमवापुर में समाजसेवी डा.राधेश्याम वर्मा द्वारा चहलारी नरेश की जयती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उन्हें श्रद्धांजलि देकर याद किया गया। समाजसेवी डा.देवी प्रसाद तिवारी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान चहलारी नरेश को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान की चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान डा.देवी प्रसाद तिवारी ने कहा कि चहलारी नरेश जैसे महान योद्धा सदियों में जन्म लेते है। अपनी वीरता से उन्होंने जो इतिहास रचा है वह सदियों तक याद रखा जायेगा। समाजसेवी डा.रोधेश्याम वर्मा ने कहा कि आजादी के आन्दोलन में चहलारी नरेश ने जिस तरह से अवध की सेना का नेतृत्व कर अपनी वीरता का प्रदर्शन किया वह अनुकरणीय है और सदियों तक याद रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि अपने पूर्वजों के इतिहास को सजो कर रखने की आवश्यकता है ताकि आने वाली पीढ़िया उससे सीख लेती रहे। कार्यक्रम के दौरान रामलल्लन बाजपेयी, जिला पंचायत सदस्य सुन्दर लाल बाजपेयी, सत्यम मिश्र, विद्याराम यादव, गनेश सिंह, अश्वनी कुमार तिवारी, वीरेन्द्र ओझा, नीरज, अनिल शुक्ला, पुण्डरीक पाण्डेय, मूलचन्द्र, सुखदराज, राजकुमार, रमेश चन्द्र, राजेन्द्र, अजय, विवेक, ज्ञान, अमृतलाल समेत क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे। वहीं एक अन्य कार्यक्रम विकास खण्ड हुजूरपुर के ग्राम पंचायत गोपिया में आयोजित किया गया। अखिल भारतीय गौरवशाली क्षत्रिय महासभा फाउण्डेशन के तत्वावधान में स्वदेश कुमार सिंह रैकवार एडवोकेट के प्रतिष्ठान पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता फाउण्डेशन के जिलाध्यक्ष ध्रुवराज सिंह ने की। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश संगठन प्रभारी विनय सिंह ने चहलारी नरेश बलभद्र सिंह के वित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित कर कहा कि बहराइच जनपद का इतिहास राजा बलभद्र सिंह के गौरव गाथा से जाना जाता है। उनकी वीरता सदियों तक अमर रहेगी। भारत ही नहीं लंदन में भी उनकी वीरता की कहानियां आज भी गाई जाती हैं उन्होंने लखनऊ-बहराइच स्थित मार्ग टिकोरा मोड को चहलारी नरेश बलभद्र सिंह के नाम से चौक घाषित कर उनकी प्रतिमा लगाने तथा बुढवल जक्शन को चहलारी नरेश के नाम से स्टेशन बनाने की मांग की। वहीं कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव त्रिलोचंदी वैश्य क्षत्रिय थे। जो लोग उनके जाति व धर्म को लेकर राजनीति कर रहे है वह अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे है। उन्होंने कहा कि यदि वे लोग महराजा सुहेलदेव को अन्य जाति का प्रमाण दे दे तो वह अपना दावा वापस ले लेगे। कार्यक्रम के दौरान तमाम स्थानीय लोग मौजूद रहे।
: परिवार में हुई कहासुनी के बाद युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
Sat, Jun 10, 2023
बहराइच। गांव निवासी एक युवक ने घर में कहासुनी के बाद शहतूत के पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह शव पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कोतवाली नानपारा अंतर्गत ग्राम पंचायत इंटहा के मजरा चमारनपुरवा निवासी नन्दकुमार 22 का शुक्रवार रात को घर में परिवार के लोगों से कहासुनी हुई। इसके बाद वह बिना कुछ बताए घर से चला गया। परिवार के लोगों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह उसका शव गांव से लगभग 100 मीटर की दूरी पर शहतूत के पेड़ में फंदे से लटकता मिला। गांव के लोगों ने घर पर सूचना दी। परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड़ ने पुलिस टीम को गांव भेजा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। कुछ पारिवारिक विवाद था। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
: कार्यदायी संस्थाएं आनगोईंग प्रोजेक्ट्स का पर्ट चार्ट प्रस्तुत करेंः डीएम
Fri, Jun 9, 2023
बहराइच। निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी के निर्माण इकाईयों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक आन गोईंग प्रोजेक्ट का पर्ट चार्ट तैयार कर उपलब्ध करा दें तथा पर्ट चार्ट की एक-एक प्रति प्रशासकीय विभाग व जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को भी हस्तगत करा दें। ताकि बैठक के दौरान परियोजना की प्रत्येक गतिविधि में लगने वाले समय, उसमें लगने वाली लागत और सम्पूर्ण निर्माण परियोजना के अपेक्षित समापन के लिए परिणामी समय इत्यादि की समीक्षा कर परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराकर जनोपयोग में लाया जा सके। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि पूर्ण परियोजनाओं की तकनीकी जांच कराकर उन्हें प्रशासकीय विभागों को सौंप दिया जाए ताकि निर्मित् भवनों को जनोपयोग में लाया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रशासकीय विभाग समय समय पर निर्माण परियोजनाओं का अवलोकन कर कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता को सुनिश्चित कराएं। डीएम मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि धनाभाव के कारण परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से होल्ड न रखा जाए। बल्कि पूर्व में आवांटित धनराशि का उपभागे प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करते हुए अवशेष बजट की मांग से सम्बन्धित कार्यवाही करें। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. पवित्र मोहन मोहन त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, प्रभारी पीओ डूडा डॉ. पूजा यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक जे.पी. सिंह, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय मिश्रा, अधि.अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह व सरयू ड्रेनेज खण्ड के शोभित कुशवाहा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।