: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 395 में से 32 शिकायतांे का हुआ निस्तारण
Sat, Jun 3, 2023
डीएम की अध्यक्षता में तहसील मिहींपुरवा में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
जायज़ वारिसानों का ही नाम खतौनी में किया जाय दर्ज
बहराइच। प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, डीएफओ कतर्नियाघाट आकाशदीप बधावन, उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा संजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय द्वारा आए हुए फरियादियों के समस्याओं की गंभीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए। इससे पूर्व ब्लाक मुख्यालय मिहींपुरवा पहुंचने पर विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, ब्लाक प्रमुख अभिषेक वर्मा उर्फ सौरव वर्मा तथा नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार मद्वेशिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी मोनिका रानी का स्वागत किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि धारा 24 के निस्तारित वादों में भूमि पैमाईश अनिवार्य रूप से करा दी जाए ताकि प्रकरण का पूरी तरह से निस्तारण हो जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थी के आवासीय भूमि से सम्बन्धित प्रकरण के सम्बन्ध में निर्देश दिये गये कि ऐसे मामलों में लेखपाल, पंचायत सचिव व पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाकर भूमि से सम्बन्धित समस्या का समाधान कराएं ताकि लाभार्थी को आवास निर्माण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वरासत अभियान के सम्बन्ध में डीएम ने शासन द्वारा दी गई व्यवस्था के अनुसार कार्यवाही का निर्देश देते हुए लेखपालों को हिदायत दी कि आवश्यक जांच पड़ताल के पश्चात मृतक के जायज़ वारिसानों का ही नाम खतौनी में दर्ज किया जाय। उन्होंने सचेत किया कि गलत वरासत दर्ज करने की शिकायतों को अत्यन्त गम्भीरता से लिया जाएगा तथा सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। डीएम मोनिका रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पी.एन. यादव, डीसी एनआरएनएम रामेन्द्र सिंह कुशवाहा व उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी, जिला गन्ना अधिकारी शैलेन्द्र मौर्य, अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड शोभित कुशवाहा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी वी.पी. सत्यार्थी, जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमा शंकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य जितेन्द्र कुमार, बीडीओ मिहींपुरवा अजीत प्रताप सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्षगण मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में सम्पन्न हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 83 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार अन्य तहसीलों महसी में प्राप्त 15 में 02, सदर बहराइच में प्राप्त 53 में 03, कैसरगंज में प्राप्त 81 में 04, नानपारा में प्राप्त 33 में 02 तथा पयागपुर में प्राप्त 130 में 06 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया।
: सांसद़ ने किया राजकीय इंटर कालेज मधवापुर का लोकार्पण
Sat, Jun 3, 2023
भीषण रेल दुर्घटना के कारण सादगी से हुआ विद्यालय का लोकार्पण
मिहींपुरवा, बहराइच। राजकीय इंटर कालेज मधवापुर का लोकार्पण सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गौड़ ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़ कर किया। उड़ीसा में भीषण रेल दुर्घटना के कारण विद्यालय का पहले से निश्चित लोकार्पण का कार्यक्रम सादगी पूर्वक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पुष्प अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक जय प्रताप सिंह ने आये हुए अतिथियों का स्वागत बुकें भेंट करते हुए माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अक्षयवर लाल गौड़ व विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह रही। मुख्य अतिथि ने बोलते हुए कहा कि इस क्षेत्र में एक केंद्रीय विद्यालय भी खोला जाएगा। आने वाले समय में जरवल बहराइच रेल लाइन का निर्माण सहित इस क्षेत्र में सरकार द्वारा कई विकास के कार्य कराए जाएंगे। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, भाजपा नेता योगेश प्रताप सिंह, पूर्व प्रमुख श्रवण कुमार मद्देशिया, ब्लाक प्रमुख मिहींपुरवा सौरभ वर्मा आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संतोष सिंह ने किया। कार्यक्रम के समापन से पूर्व उड़ीसा रेल हादसे में मारे गए मृतकों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर जीआईसी के प्रधानाचार्य आरपी सिंह, प्रधानाचार्य शिवेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य मनोज यादव, प्रधान प्रेम राजभर, बब्बू सैनी, उदयराज सिंह, वीरचन्द वर्मा, जवाहर पांडे, राजकीय इंटर कालेज मधवापुर के प्रधानाचार्य बच्छराज, पूर्व प्रधान संतोष श्रीवास्तव, संजीव गौंड, शिव कुमार शुक्ला सहित काफी संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
: 115 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
Sat, Jun 3, 2023
पकड़ी गई स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गयी
रूपईडीहा कस्बा स्मैक की थोक मंडी बन चुका
थोक विक्रेता पुलिस पकड़ से दूर मात्र कैरियर ही पकड़े जा रहे
रुपईडीहा, बहराइच। भारत नेपाल सीमावर्ती नगर पंचायत रुपईडीहा में 115 ग्राम स्मैक के साथ युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। युवक चकिया रोड मीरगंज का रहने वाला बताया जाता है। बताते चलें कि रूपईडीहा स्मैक की थोक मंडी बन चुका है। कई मेडिकल स्टोरों व किराने की दुकानों पर भी स्मैक की बिक्री की खबरें मिल रही हैं। थोक स्मैक विक्रेताओं ने अपने एजेंट व डीलर बना लिए हैं। यह फुटकर विक्रेता खुद तो स्मैक बेचते ही हैं। 10 से 15 वर्ष के बच्चो को छोटी छोटी पुड़िया बनाकर रुपईडीहा की सड़कों, गली व गलियारों में बेचने के लिए भेज रहे हैं। रुपईडीहा में स्मैक के खरीद फरोख्त के मुख्य केंद्र, रेलवे मालगोदाम, चकियारोड, रुपईडीहा गांव, चिकवन टोला, घसियारन टोला, बरथनवा, नईबस्ती व मुस्लिम बाग हैं। सिविल पुलिस के सिपाही दिन भर इन क्षेत्रों में घूमते हुए भी दिखाई देते हैं। थाने के कुछ सिपाहियों को कस्बे के लोग सरेआम बातचीत करते भी देखते हैं। यह स्मैक के थोक विक्रेता अब महंगे चार पहिया वाहन व दो पहिया वाहनों सहित आलीशान कोठियों के मालिक बन चुके हैं। मात्र बार्डर पर कैरियर पकड़े जा रहे हैं। थोक विक्रेता इन्हें कमीशन पर स्मैक नेपालगंज पहुंचाने के लिए दे देते हैं। पकड़े यही लोग जाते हैं। 10 से 15 दिनों में इनकी जमानत हो जाती है। बेरोजगारी के कारण बार्डर का युवा वर्ग इस काले धंधे में धंस चुका है। यही नही कस्बे में स्मैक के कारण एक दर्जन से अधिक युवक युवतियों ने मौत को गले लगा लिया है। स्थानीय पुलिस व एसएसबी कैरियर्स को पकड़ कर अपनी पीठ थपथपाती रहती है। कुछ वर्ष पूर्व इन पकड़े गए लोगो से पत्रकारों की बात कराई जाती थी अब ऐसी खबरों को पुलिस व एसएसबी व्हाट्सएप पर डाल देती है। पकड़े गए तस्कर के बयान के आधार पर थोक विक्रेता तक पुलिस व एसएसबी नही पहुंचती। इस लिए यह अवैध व असमाजिक कार्य फल फूल रहा है। रुपईडीहा के चकियारोड निवासी एक युवक को स्थानीय पुलिस व एसएसबी की टीम ने 115 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे वरिष्ठ उप निरीक्षक रूदल बहादुर सिंह, हे.का. राजेंद्र मोदनवाल, का. रामवीर चौहान, एसएसबी की रुपईडीहा बीओपी के एएसआई संतोष कुमार विश्वास, का.माखन लाल, हेमंत कुमार रात्रि गस्त पर थे। यह दल जब इंडो नेपाल बार्डर के पिलर संख्या 650/16 के पास गस्त कर रहे थे। इतने में एक युवक तेजी से नेपाल की ओर भागा जा रहा था। इस दल ने घेर कर इसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इसकी पैंट की जेब से 115 ग्राम स्मैक बरामद हुई। स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गयी। युवक की पहचान शब्बू राईनी पुत्र लल्लन राईनी निवासी चकियारोड रुपईडीहा के रूप में हुई है। पूछताछ में शब्बू ने बताया कि उसने यह स्मैक यास्मीन निवासिनी मुनिरगंज रुपईडीहा से प्राप्त की है। इसे मुझे नेपालगंज एक व्यक्ति को देना था। अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।